भोपाल। मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जब रंगमहल चौराहे पर प्रदर्शन के बीच बना मंच अचानक ध्वस्त हो गया। दोपहर करीब 12:51 बजे, 40 लोगों की क्षमता वाले इस मंच पर 150 से ज्यादा कार्यकर्ता और नेता एकत्रित हो गए, जिससे संतुलन बिगड़ गया और मंच गिर गया। इस दुर्घटना में किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान सहित कांग्रेस उपाध्यक्ष राजीव सिंह और कई अन्य नेता घायल हो गए।
पूर्व विधायक रवि जोशी और शैलेंद्र पटेल को गंभीर चोटें आने के कारण स्मार्ट सिटी हॉस्पिटल के ऑपरेशन थिएटर में भर्ती कराया गया है, जबकि राजीव सिंह और रोशनी यादव का इलाज सिद्धांता अस्पताल में चल रहा है। राजीव सिंह को गंभीर चोटें आई हैं, जिसमें उनके एक हाथ के ऊपरी हिस्से में सरिया घुसने से नसें और आर्टरी कट गई हैं। इस घटना के बाद कांग्रेस ने मंच गिरने की वजह की जांच कराने का फैसला किया है।




