भोपाल। भोपाल के सेंट जोसफ स्कूल के हॉस्टल में कक्षा 8 के एक छात्र ने फांसी लगा ली, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के पिता ने इस घटना पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका बेटा साहसी था और ऐसा कदम खुद से नहीं उठा सकता, जरूर उसके साथ कुछ गलत हुआ है। यह दुखद घटना मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे स्कूल के तारा सेवनिया हॉस्टल में हुई। पुलिस ने बुधवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परवलिया थाना प्रभारी रोहित सिंह नागर ने बताया कि मृतक 14 वर्षीय वंश के पिता संतोष कुशवाह नवीन नगर, ऐशबाग में रहते हैं। उनका बेटा बीते दो वर्षों से सेंट जोसफ स्कूल में पढ़ाई कर रहा था और हॉस्टल में रह रहा था। मंगलवार शाम योगा क्लास से लौटने के बाद उसने अपने कमरे में टॉवल का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। यह फंदा खिड़की से बांधा गया था। घटना की सूचना मिलते ही हॉस्टल वार्डन ने पुलिस को बुलाया। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे की जांच की, जहां एक फटी हुई कॉपी का पन्ना मिला। इस पर अंग्रेजी में सात-आठ पंक्तियाँ लिखी थीं, जिनका हिंदी अनुवाद किया गया। उसमें लिखा था कि आगे उसकी जिंदगी में क्या होगा, उसे समझ नहीं आ रहा है। उसने यह भी लिखा कि कोई किसी को इस तरह धोखा कैसे दे सकता है, हालांकि इसमें किसी की कोई गलती नहीं है और सभी अच्छे हैं। लेकिन फिर भी उसे नहीं पता कि आगे क्या होगा।
भोपाल के सेंट जोसफ स्कूल हॉस्टल में 8वीं के छात्र की संदिग्ध मौत, परिजनों ने उठाए सवाल




