विदिशा। मध्यप्रदेश के विदिशा में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां बारातियों से भरी तेज रफ्तार टवेरा कार अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरे सूखे तालाब में जा गिरी। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार गैरतगंज से जाफरखेड़ी निवासी दशरथ सिंह के यहां बारात जा रही थी। टवेरा कार में कुल 10 लोग सवार थे। रात में अंधेरा होने के कारण चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार सीधे तालाब में जा गिरी। हादसे में राजेश लोधी (35), सोनू लोधी (30, चालक) और चंद्रशेखर (35) की मौत हो गई।
हादसे में अशोक लोधी (25) का हाथ फ्रैक्चर हुआ है, जबकि राज बोधी (14) के पेट में गंभीर चोट आई है। वहीं बृजेश लोधी (27) और सुदीप लोधी (20) को सीने में चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने टॉर्च की रोशनी में सभी को तालाब से बाहर निकाला।
घायलों में भावसिंह लोधी (45) और ऋतुराज लोधी (10) की हालत नाजुक बताई जा रही है। दोनों को विदिशा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जिसमें से एक घायल को देर रात भोपाल रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अंशुल गुप्ता जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण भी किया गया। सिविल सर्जन डॉ. अनूप वर्मा की टीम द्वारा घायलों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक अन्य घायल खतरे से बाहर हैं।




