दमोह। मिशन अस्पताल में हार्ट सर्जरी के बाद सात मरीजों की मौत के मामले में चर्चा में आए डॉक्टर नरेंद्र जॉन केम को पुलिस ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया। दमोह एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रयागराज सहित कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया था। इससे पहले रविवार देर रात मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) मुकेश जैन ने कोतवाली थाने में डॉक्टर नरेंद्र यादव, जो नरेंद्र जॉन केम के नाम से प्रैक्टिस कर रहे थे, के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी। इस शिकायत में दो अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि डॉक्टर नरेंद्र जॉन केम फर्जी डिग्रियों के आधार पर चिकित्सा कार्य कर रहे थे और उन्हीं के इलाज के बाद मिशन अस्पताल में सात मरीजों की मौत हुई। मामले की जांच के लिए गठित टीम में सीएमएचओ अशोक जैन के साथ जिला अस्पताल के डॉ. विशाल शुक्ला और डॉ. विक्रांत चौहान भी शामिल थे। जांच में पाया गया कि मरीजों की मृत्यु एन्जियोग्राफी और एन्जियोप्लास्टी प्रक्रियाओं के चलते हुई थी।
“फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार: दमोह में 7 मरीजों की मौत के बाद प्रयागराज से पकड़ा गया नरेंद्र जॉन केम”




