इंदौर। मल्हारगंज इलाके की एक महिला ने अपने पति को गांजा और स्मैक बेचने के आरोप में पुलिस से गिरफ्तार करा दिया। सोमवार को महिला ने पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह को फोन कर बताया कि उसका पति बुद्ध किरण कॉलेज और हॉस्टल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को नशे का सामान सप्लाई करता है। महिला ने मादक पदार्थों से जुड़ा एक वीडियो भी पुलिस कमिश्नर को भेजा था। वीडियो देखने के बाद कमिश्नर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद सोमवार रात पुलिस ने महालक्ष्मी नगर स्थित एक पान दुकान पर दबिश देकर बुद्ध किरण को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को उसके घर भी लेकर गई, जहां से गांजा जब्त किया गया है। लसूड़िया पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सनावद के पास धर्मेंद्र नाम के व्यक्ति और छोटी ग्वालटोली क्षेत्र के एक अन्य व्यक्ति से नशीला पदार्थ खरीदता था।
महिला ने बताया कि वह पेशे से अकाउंटेंट है और पति बड़े स्तर पर पान दुकान चलाता है। बीते कुछ समय से वह घर में तौल कांटा रखकर गांजा और नशीली पुड़ियों की बिक्री कर रहा था। महिला का कहना है कि उसकी दो बेटियां हैं और पति की इस गतिविधि का असर उनकी पढ़ाई पर भी पड़ रहा है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने इस अवैध काम का विरोध किया तो पति और ससुराल पक्ष के लोग उसे डराने-धमकाने लगे। महिला के मुताबिक 4 फरवरी को पति ने उसके साथ मारपीट भी की थी, जिससे सिर में गंभीर चोट आई। उस समय भी पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन तब गांजा बरामद नहीं हो सका था।
हाईकोर्ट एडवोकेट डॉ. रूपाली राठौर ने बताया कि पीड़िता ने उन्हें घर में गांजा रखे होने की जानकारी दी थी। इसके बाद वकील के माध्यम से पुलिस कमिश्नर को पूरा घटनाक्रम बताया गया, जिसके बाद कमिश्नर कार्यालय ने तुरंत कार्रवाई कर पीड़िता की मदद की।
मल्हारगंज टीआई वीरेंद्र कुशवाह ने बताया कि आरोपी को पांच दिन पहले भी कार्रवाई कर जेल भेजा गया था और वह एक दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था। पुलिस के अनुसार महिला को कई बार थाने बुलाया गया, लेकिन वह नहीं आई। महिला ने बॉम्बे अस्पताल के पास पति द्वारा नशा बेचने की जानकारी दी थी।
पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने कहा कि महिला ने वॉट्सऐप पर जानकारी साझा की थी, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि यह घटना पुलिस के प्रति लोगों के भरोसे का प्रतीक है।




