इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र के नगीन नगर में बिजली के पोल पर चढ़कर पतंग उतार रहा 9 साल का बच्चा हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह करीब 70 फीसदी झुलस गया। गंभीर हालत में उसे एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
रविवार शाम हुई इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्चा लाइन से चिपका नजर आ रहा है और स्थानीय लोग उसे नीचे उतारने की कोशिश करते दिखते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही बच्चा हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आया, तेज धमाके और पटाखों जैसी आवाज सुनाई दी। मौके पर जुटे लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा और तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
मृतक बच्चे के पिता मनीष मिस्त्री का काम करते हैं और मां प्रीति पटेल गृहिणी हैं। परिवार मूल रूप से विदिशा का रहने वाला है और फिलहाल इंदौर में किराए के मकान में रह रहा था। इससे पहले भी धार रोड इलाके में इसी तरह की घटना में 12 साल के बच्चे की मौत हो चुकी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने रिहायशी इलाकों में बिजली लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




