इंदौर। मल्हारगंज इलाके में नए साल की रात पार्टी के दौरान विवाद हो गया, जिसमें दोस्तों ने ही मिलकर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मल्हारगंज पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान पुष्पेन्द्र (22) निवासी हुकुमचंद कॉलोनी के रूप में हुई है। 31 दिसंबर की रात करीब 2 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मकान में युवकों के बीच झगड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
जांच में सामने आया कि कुछ युवक पार्टी कर रहे थे, इसी दौरान आपसी विवाद बढ़ गया। चाकूबाजी में पुष्पेन्द्र को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
टीआई वीरेंद्र सिंह कुशवाह के अनुसार 31 दिसंबर को पुष्पेन्द्र का जन्मदिन था। इसी मौके पर उसने दोस्तों को पार्टी में बुलाया था। रात करीब साढ़े 12 बजे मजाक के दौरान गब्बू उर्फ नीरज यादव से कहासुनी हो गई, जिसके बाद नीरज ने चाकू से हमला कर दिया।
घटना के बाद दोस्त पुष्पेन्द्र को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रातभर तलाश के बाद आरोपी नीरज यादव को अलसुबह हिरासत में ले लिया। आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया है।




