धान से भरी ट्रॉली से टकराई छात्रों की स्कूटी, तीन नाबालिगों की मौत

Must read

नर्मदापुरम। जिले के सोहागपुर क्षेत्र में करणपुर के पास शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कक्षा 9वीं के तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। धान से भरी खड़ी ट्रॉली से उनकी स्कूटी टकरा गई। तीनों छात्र ग्राम आमदेही के रहने वाले थे, जिनमें से दो आपस में चचेरे भाई बताए जा रहे हैं।

हादसा शनिवार रात करीब 8.30 बजे हुआ, जब तीनों छात्र कोचिंग से पढ़ाई कर घर लौट रहे थे। ग्राम करणपुर चौधरी पेट्रोल पंप के पास ओला स्कूटी सड़क पर खड़ी धान से भरी ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवार तीनों नाबालिगों की मौके पर ही मौत हो गई।

जान गंवाने वाले छात्रों की पहचान अश्विन पिता ललित रघुवंशी, शिव पिता रामेश्वर रघुवंशी और मनुराज पिता प्रवीण रघुवंशी के रूप में हुई है। तीनों सोहागपुर के सेंट पेट्रिक स्कूल में कक्षा 9वीं के छात्र थे और रोजाना अपने गांव आमदेही से करीब 5 किलोमीटर दूर सोहागपुर पढ़ने आते थे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को सरकारी अस्पताल भिजवाया गया। अस्पताल में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन जमा हो गए। मौके पर तहसीलदार नीरू जैन, सोहागपुर थाना प्रभारी उषा मरावी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष राघवेंद्र रघुवंशी सहित पुलिस बल मौजूद रहा। तीनों शवों को मॉर्चुरी में रखवाया गया है और रविवार को पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।

यह सोहागपुर क्षेत्र में एक हफ्ते के भीतर ट्रॉली से टकराने की दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले शोभापुरा के पास भी धान से भरी ट्रॉली से एक कार की टक्कर हो चुकी है। क्षेत्र में इन दिनों बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से धान का परिवहन किया जा रहा है। ट्रॉलियों के पीछे रेडियम और पर्याप्त लाइट न होने के कारण रात के समय हादसों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ट्रॉलियों में अनिवार्य रूप से रेडियम और लाइट लगाने की मांग की है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article