ग्वालियर। ग्वालियर-भिंड हाईवे पर स्थित बरैठा टोल प्लाजा पर रविवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्टल से फायरिंग कर दहशत फैला दी। बदमाशों ने टोल बूथ के अंदर एक धमकी भरी चिट्ठी भी फेंकी और मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दोनों युवक भिंड की ओर से बाइक पर सवार होकर टोल प्लाजा पहुंचे। उन्होंने हेलमेट पहन रखा था और चेहरे कपड़े से ढंके हुए थे। बाइक रोकने के बाद एक युवक नीचे उतरा, टोल बूथ की ओर बढ़ा और पहले एक चिट्ठी अंदर फेंकी। इसके बाद उसने पिस्टल निकालकर कंप्यूटर की दिशा में फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक से भाग निकले।
टोल प्लाजा पर फेंकी गई चिट्ठी में लिखा था – “हाइवे बनाओ या टोल हटाओ। आकाश भदौरिया जैसा अब कोई नहीं मरेगा। नेताओं को अपने फ्लैट बेचने पड़ें, लेकिन ग्वालियर-भिंड हाईवे का काम शुरू होना चाहिए। अगर काम चालू नहीं हुआ तो इससे भी बड़ा कदम उठाया जाएगा। सरकार अंधी हो चुकी है।”
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए। आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर बाइक सवारों की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
ग्वालियर से भिंड के बीच लगभग 80 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर लगातार सड़क हादसों की शिकायतें सामने आती रही हैं। स्थानीय लोग लंबे समय से हाईवे को सिक्स लेन में बदलने की मांग कर रहे हैं। संत समाज और सामाजिक संगठनों द्वारा पहले भी आंदोलन और टोल फ्री अभियान चलाए जा चुके हैं।
चिट्ठी में जिस आकाश भदौरिया का जिक्र किया गया है, उसकी 16 फरवरी को सड़क हादसे में मौत हुई थी। जानकारी के मुताबिक, 24 वर्षीय आकाश अपने भाई के साथ बाइक से जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार टैंकर ने टक्कर मार दी थी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि टैंकर चालक फरार हो गया था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।




