भोपाल। पुल पातरा स्थित टिंबर मार्केट में शनिवार तड़के करीब पौने तीन बजे भीषण आग लग गई। आग की शुरुआत एक फर्नीचर दुकान से हुई, जो तेजी से फैलते हुए पास की आरा मशीन और एक अन्य प्रतिष्ठान तक पहुंच गई। देखते ही देखते तीन जगहों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के दौरान आरा मशीन की एक दीवार गिरने से दो कर्मचारियों समेत कुल चार लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले भोपाल डेकोरेटर नामक फर्नीचर शोरूम में आग लगी थी, जो पास की अंजुम भाई की आरा मशीन तक फैल गई। आग के दौरान आरा मशीन का शेड दो बार गिरा, जिसमें बाग उमराव दूल्हा क्षेत्र के जुनैद और जावेद घायल हो गए। घटना स्थल के पीछे रेलवे ट्रैक होने से स्थिति और संवेदनशील हो गई थी। आग पर काबू पाने के लिए नगर निगम के बैरागढ़, फतेहगढ़, कबाड़खाना, माता मंदिर और कोलार फायर स्टेशन के अलावा भेल और पुलिस की कुल 22 दमकल गाड़ियां मौके पर लगी रहीं। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।
बताया गया कि इसी आरा मशीन के पास दो महीने पहले भी आग लग चुकी थी, तब संसाधनों की कमी के कारण आग बुझाने में काफी समय लगा था। इस बार भी शुरुआती दौर में दिक्कतें आईं, लेकिन बाद में अतिरिक्त दमकल वाहनों के पहुंचने से स्थिति संभाली जा सकी। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।




