चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसकी शुरुआत दोपहर 2:30 बजे से होगी। इस टूर्नामेंट में दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने होंगी। पिछली भिड़ंत में भारत ने न्यूजीलैंड को 44 रनों से हराया था। भारतीय टीम ने अब तक इस मैदान पर कोई वनडे मैच नहीं गंवाया है। टीम ने यहां 10 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 9 में जीत हासिल की है, जबकि एक मैच टाई रहा है। दुबई की धीमी पिच पर स्पिन गेंदबाज अहम भूमिका निभा सकते हैं।
अगर वनडे इतिहास की बात करें, तो अब तक भारत और न्यूजीलैंड के बीच कुल 119 वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 61 और न्यूजीलैंड ने 50 मैचों में जीत दर्ज की है। इसके अलावा, 7 मैच बिना किसी नतीजे के समाप्त हुए हैं, जबकि एक मुकाबला टाई रहा है। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने पिछले 6 वनडे लगातार जीते हैं। दोनों टीमें इस चैंपियंस ट्रॉफी के लीग चरण में भी भिड़ चुकी हैं, जहां भारतीय टीम ने 44 रन से जीत दर्ज की थी।




