पाकिस्तान। मेजबान पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी के छठे दिन ही टूर्नामेंट से बाहर हो गया, जब न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड और भारत, दोनों ने ग्रुप-ए से अंतिम-4 में प्रवेश कर लिया, जबकि बांग्लादेश भी ग्रुप स्टेज में ही बाहर हो गया। रावलपिंडी में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, जिसके बाद बांग्लादेश ने 9 विकेट खोकर 236 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने 46.1 ओवर में 5 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल किया, जहां रचिन रवींद्र ने शतक लगाया और माइकल ब्रेसवेल ने 4 विकेट लिए। ग्रुप-ए में भारत और न्यूजीलैंड ने 2-2 मैच जीतकर 4-4 अंक प्राप्त किए, जिससे वे सेमीफाइनल में पहुंच गए, जबकि पाकिस्तान और बांग्लादेश अपने शुरुआती दोनों मैच हारकर बाहर हो गए। अब 27 फरवरी को पाकिस्तान और बांग्लादेश आपस में मुकाबला खेलेंगे, लेकिन इस मैच का टूर्नामेंट पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा, क्योंकि ग्रुप-ए से भारत और न्यूजीलैंड पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं। वहीं, ग्रुप-बी से ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और अफगानिस्तान के बीच अंतिम-4 में पहुंचने की प्रतिस्पर्धा जारी है।
चैंपियंस ट्रॉफी से पाकिस्तान बाहर, न्यूजीलैंड की जीत से भारत के साथ सेमीफाइनल में पहुंची कीवी टीम!




