होशंगाबाद। होशंगाबाद के मदन कॉलोनी निवासी और डोलरिया शासकीय कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राकेश वर्मा से उनके कार चालक अंकित शर्मा ने गढ़ा धन और सोने की कथित पोटली के नाम पर 1 करोड़ 4 लाख रुपए की ठगी कर ली। आरोपी ने उज्जैन के कथित महाराज और पुलिस कार्रवाई की काल्पनिक कहानियां गढ़कर उन्हें डराया और रकम ऐंठता रहा।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने नकद, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और गोल्ड लोन के जरिए अलग-अलग किश्तों में बड़ी रकम ली। कोतवाली थाना प्रभारी कंचन ठाकुर ने बताया कि 17 फरवरी को मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से एक दिन की पुलिस रिमांड मिली। एसडीओपी जितेंद्र पाठक ने बताया कि पूछताछ में अन्य खुलासे होने की संभावना है। फिलहाल ठगी की रकम बरामद नहीं हो सकी है।
आरोपी ने कालिका नगर स्थित मकान में खुदाई कर लाल पोटली देने का नाटक किया और दावा किया कि इसमें सोना है। उसने प्राचार्य को यह कहकर डराया कि अगर पुलिस को इसकी भनक लगी तो जेल जाना पड़ेगा। इसके बाद आरोपी लगातार नई कहानियां गढ़ता रहा और कभी नकली राकेश खड़ा कर केस से बचाने, तो कभी कथित महाराज की हत्या का डर दिखाकर रुपए वसूलता रहा।
पुलिस को अब तक वह लाल पोटली नहीं मिली है, जिसे गढ़ा धन और सोने से भरा बताया गया था। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोटली मिलने पर मामले में नए खुलासे हो सकते हैं।




