उज्जैन के तराना में दो पक्षों में विवाद, बस स्टैंड पर खड़ी 11 बसों में तोड़फोड़, धारा 144 लागू

Must read

उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के तराना कस्बे में गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। उपद्रवियों ने बस स्टैंड पर खड़ी 11 बसों में तोड़फोड़ कर दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा और क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गई।

विवाद की शुरुआत तराना के बड़े राम मंदिर के सामने स्थित सुखला गली से हुई। यहां विश्व हिंदू परिषद के नगर मंत्री सोहेल ठाकुर मंदिर के सामने खड़े थे। इसी दौरान ईशान मिर्जा सहित कुछ लोग वहां पहुंचे और खड़े होने को लेकर विवाद शुरू हो गया। बात बढ़ने पर कुछ युवकों ने पीछे से सोहेल ठाकुर पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें उज्जैन रेफर किया गया है।

घटना के बाद उपद्रवियों ने बस स्टैंड पहुंचकर डंडों और पत्थरों से बसों के कांच तोड़ दिए और पथराव किया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को काबू में लिया। इलाके में एहतियात के तौर पर सात थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस ने सप्पान मिर्जा, ईशान मिर्जा, शादाब उर्फ इडली, सलमान मिर्जा, रिजवान मिर्जा और नावेद के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया है, हालांकि अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मौके पर एएसपी गुरु प्रसाद पाराशर और आलोक शर्मा मौजूद रहे।

घटना की खबर फैलते ही हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में तराना थाने पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है।

मामले में प्रदीप शर्मा ने बताया कि सोहेल ठाकुर के साथ मारपीट की घटना के बाद छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है। स्थिति पर नजर रखने के लिए उज्जैन, माकड़ौन समेत आसपास के क्षेत्रों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article