इंदौर। शहर के बेतरतीब ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ई-रिक्शाओं को सेक्टर में बांटने की तैयारी कर रही है। इसके तहत कलर कोडिंग के आधार पर ई-रिक्शा तय सेक्टरों में ही चलेंगी। इस योजना को लेकर बुधवार को अहम बैठक हुई है और इसी दिन इस पर फाइनल निर्णय लिया जा सकता है।
ट्रैफिक पुलिस ने इस प्लान पर रिक्शा संचालकों के साथ चर्चा शुरू कर दी है। अब रविवार को ई-रिक्शा संचालकों की बैठक होगी, जिसमें इस प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। इसके बाद पुलिस अधिकारियों के साथ एक और बैठक कर प्लान को अंतिम रूप दिया जाएगा। योजना फाइनल होने के बाद ही इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
डीसीपी ट्रैफिक आनंद कलादगी ने बताया कि शहर में ई-रिक्शाओं की संख्या करीब साढ़े दस हजार है और शहर का विस्तार भी लगातार बढ़ रहा है। इसी को देखते हुए सेक्टरों की संख्या 6 से बढ़ाकर 10 करने की तैयारी की गई है। हर सेक्टर के लिए अलग-अलग सड़कें तय की जाएंगी, ताकि ट्रैफिक दबाव को कम किया जा सके।
योजना के तहत ई-रिक्शाओं पर कलर कोडिंग के साथ सेक्टर नंबर और अन्य पहचान संबंधी जानकारी दर्ज की जाएगी। यदि कोई ई-रिक्शा अपने तय सेक्टर के बाहर चलता पाया गया, तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि इस नवाचार से शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और जाम की समस्या में कमी आएगी।




