ग्वालियर। आनंद नगर इलाके में गुरुवार देर रात एक इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम में भीषण आग लग गई। रात करीब 11 बजे उठी लपटों ने देखते ही देखते पूरे गोदाम को घेर लिया। अंदर रखा टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन और अन्य महंगा इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची, लेकिन तब तक आग 20 फीट तक भड़क चुकी थी। दमकलकर्मी लगातार पानी डालकर लपटों पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हैं। आग अंदर तक फैल चुकी थी, इसलिए शटर और दीवार तोड़ने के लिए जेसीबी भी बुलानी पड़ी।
फायर अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती अंदाजा यही है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी होगी। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही चार दमकल गाड़ियां भेजी गईं और जरूरत पड़ने पर दो और वाहन मौके पर भेजे गए। टीमें पूरी रात आग बुझाने के प्रयास में लगी रहीं।




