इंदौर। शहर में बनने जा रहे एलिवेटेड कॉरिडोर का काम आखिरकार शुरू हो गया है। एबी रोड से नवलखा तक बनने वाले 7.40 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण कार्य पीडब्ल्यूडी (PWD) ने शुरू कर दिया है। फिलहाल मिट्टी परीक्षण (सॉयल टेस्टिंग) का काम चल रहा है, जिसके लिए सड़क के एक हिस्से को लोहे की प्लेटों से कवर किया गया है। पीडब्ल्यूडी 15 फरवरी से फाउंडेशन (नींव) भरने का काम शुरू करेगा। सेंट्रल लाइन मार्किंग का काम भी पूरा कर लिया गया है।
करीब 350 करोड़ रुपए की लागत वाला यह प्रोजेक्ट पिछले चार वर्षों से अटका हुआ था। फरवरी 2021 में गुजरात की राजकमल बिल्डर्स कंपनी को इसका वर्क ऑर्डर जारी किया गया था, लेकिन डिजाइन में बदलाव, बस रूट और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विवाद के चलते काम शुरू नहीं हो पाया। मामला हाईकोर्ट तक भी पहुंचा था। अब शासन ने पुराने डिजाइन पर ही काम शुरू करने का फैसला लिया है।
हाल ही में शहर विकास को लेकर हुई बैठकों में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इस प्रोजेक्ट की समीक्षा की थी। उनके निर्देश और कलेक्टर शिवम वर्मा की मंजूरी के बाद अब निर्माण की बाधाएं दूर हो गई हैं। अधिकारियों ने साफ किया है कि डिजाइन में अब कोई बदलाव नहीं होगा और मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार ही काम आगे बढ़ेगा।
फिलहाल सॉयल टेस्टिंग के कारण सड़क पर अस्थायी टीन लगाए गए हैं, जिससे आंशिक रुकावट बनी हुई है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के मुताबिक 15 फरवरी से जब भारी मशीनें मौके पर पहुंचेंगी और खुदाई शुरू होगी, तब ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर एक विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया जाएगा ताकि वाहन चालकों को परेशानी न हो।
यह एलिवेटेड कॉरिडोर 4 लेन का होगा और इसमें 3 फ्लाईओवर भी बनाए जाएंगे।




