नई दिल्ली। विमेंस प्रीमियर लीग के मेगा ऑक्शन से पहले BCCI ने 277 खिलाड़ियों की शॉर्टलिस्ट जारी कर दी है। पांच टीमों के पास कुल 73 खाली स्लॉट हैं और नीलामी 27 नवंबर को होने वाली है। यूपी वॉरियर्ज 14.50 करोड़ के सबसे बड़े पर्स के साथ नीलामी में उतरेगी, जबकि दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस का पर्स सबसे कम रहेगा।
मार्की खिलाड़ियों की लिस्ट से नीलामी की शुरुआत होगी। इस सेट में आठ नाम शामिल हैं, जिनमें भारत की दीप्ति शर्मा और रेणुका सिंह के साथ सोफी डिवाइन, अमीलिया केर, सोफी एकलस्टन, मेग लैनिंग, एलिसा हीली और लौरा वोल्वार्ट भी हैं। वोल्वार्ट की बेस कीमत 30 लाख, रेणुका की 40 लाख और बाकी छह खिलाड़ियों की शुरुआती कीमत 50 लाख रखी गई है। इस सेट के अलावा 13 और खिलाड़ी हैं जिनकी बेस प्राइस 50 लाख होगी।
नीलामी में 23 विदेशी खिलाड़ियों के स्लॉट खाली हैं। इस बार 83 विदेशी, 155 अनकैप्ड, 4 एसोसिएट देशों की खिलाड़ी और भारत की 35 इंटरनेशनल खिलाड़ी नीलामी में शामिल होंगी।
बांग्लादेश की शोरना अख्तर और वेस्टइंडीज की जजरा क्लैक्सटन सबसे युवा खिलाड़ी होंगी। शोरना की उम्र 18 और जजरा की 19 साल है। भारत से 22 साल की क्रांति गौड़ भी नीलामी में हिस्सा लेंगी।
पांचों टीमों के पास कुल 41.10 करोड़ का बजट है। यूपी वॉरियर्ज ने सिर्फ श्वेता सहरावत को रिटेन किया है, इसलिए उनके पास सबसे बड़ा पर्स बचा है। मुंबई इंडियंस के पास 5.75 करोड़, दिल्ली कैपिटल्स के पास 5.70 करोड़, गुजरात जायंट्स के पास 9 करोड़ और आरसीबी के पास 6.72 करोड़ का पर्स रहेगा। टीमों के पास राइट-टू-मैच कार्ड भी होंगे, जिनमें यूपी वॉरियर्ज के पास सबसे ज्यादा चार हैं।
WPL की शुरुआत 2023 में हुई थी। पहला खिताब मुंबई इंडियंस ने जीता। दूसरे सीजन में आरसीबी चैंपियन बनी और 2025 में मुंबई ने एक बार फिर ट्रॉफी अपने नाम की। तीनों सीजन में दिल्ली कैपिटल्स उपविजेता रही।




