नवी मुंबई। विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को 3 विकेट से हराकर उनके खिलाफ लगातार 8वीं जीत दर्ज की। DY पाटील स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 192 रन बनाए, जिसे मुंबई ने 19.2 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। यह चौथे सीजन में गुजरात की पहली हार रही।
मुंबई की जीत की नींव कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रखी। उन्होंने दबाव में अर्धशतक जड़ा और अंत तक टीम को संभाले रखा। उनके अलावा अमनजोत कौर (40), निकोला कैरी (38) और हैली मैथ्यूज (22) ने अहम योगदान दिया। गेंदबाजी में मुंबई के चार गेंदबाजों को एक-एक विकेट मिला।
गुजरात की ओर से जॉर्जिया वेयरहम (43), भारती फुलमाली (36), कनिका आहूजा (35) और बेथ मूनी (33) ने टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। इस मैच में आयुषी सोनी 14 गेंद पर 11 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुईं और WPL में ऐसा करने वाली पहली खिलाड़ी बनीं।
इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस को तीन मैचों में दूसरी जीत मिली है। टीम इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स को हरा चुकी है, जबकि एक मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हार मिली थी। वहीं, गुजरात जायंट्स टूर्नामेंट इतिहास में अब तक मुंबई इंडियंस को एक भी बार नहीं हरा सकी है।




