नई दिल्ली। विमेंस प्रीमियर लीग के नए सीजन के ऑक्शन में भारत की वर्ल्ड चैंपियन टीम की 16 में से 15 खिलाड़ी खरीदी गईं। छह खिलाड़ियों को पहले ही फ्रेंचाइजी ने रिटेन कर लिया था, जबकि 13 खिलाड़ी गुरुवार को हुई नीलामी में 22.65 करोड़ रुपए में बिक गईं। विकेटकीपर उमा छेत्री को किसी टीम ने नहीं खरीदा।
दीप्ति शर्मा को यूपी वॉरियर्स ने 3.20 करोड़ रुपए में फिर टीम का हिस्सा बनाया। श्री चरणी 1.30 करोड़ में दिल्ली गईं। WPL इतिहास की सबसे महंगी खिलाड़ी स्मृति मंधाना ही बनी हुई हैं, जिन्हें इस बार RCB ने 3.50 करोड़ में रिटेन किया। उनसे ज्यादा बोली किसी खिलाड़ी पर अब तक नहीं लगी।
भारत की वर्ल्ड चैंपियन खिलाड़ियों पर बोली और परफॉर्मेंस
रेणुका सिंह को गुजरात जायंट्स ने 60 लाख में खरीदा, जबकि उनकी नई बॉल पार्टनर क्रांति गौड़ 50 लाख में यूपी में गईं। राधा यादव को RCB ने 65 लाख में लिया। ऑलराउंडर श्री चरणी 1.30 करोड़ में दिल्ली का हिस्सा बनीं। अरुंधति रेड्डी 75 लाख में बेंगलुरु ने खरीद लीं।
प्रतिका रावल को आखिरी राउंड में 50 लाख में यूपी ने लिया। हरलीन देओल, स्नेह राणा और कुछ अन्य खिलाड़ी भी 50 लाख की रेंज में बिकीं। उमा छेत्री को इस बार किसी टीम ने नहीं उठाया।
रिटेन हुईं प्रमुख खिलाड़ी
स्मृति मंधाना (3.50 करोड़), हरमनप्रीत कौर (2.50 करोड़), जेमिमा रोड्रिग्ज (2.20 करोड़), शेफाली वर्मा (2.20 करोड़), ऋचा घोष (2.75 करोड़) और अमनजोत कौर (1 करोड़) पहले ही टीमों में बरकरार रखी गई थीं।
पुरुष खिलाड़ियों से तुलना में अब भी बड़ा अंतर
महिला खिलाड़ियों की कुल कीमत 22.65 करोड़ रही, लेकिन IPL के टॉप भारतीय खिलाड़ी ऋषभ पंत अकेले ही 27 करोड़ में बिक चुके हैं। यानी 15 वर्ल्ड चैंपियन खिलाड़ियों की संयुक्त कीमत भी पंत से कम है। WPL में एक टीम का पर्स 15 करोड़ है, जबकि IPL में यह 120 करोड़ होता है।
9 जनवरी से शुरू होगा WPL का नया सीजन
टूर्नामेंट 9 जनवरी से 5 फरवरी तक नवी मुंबई और वडोदरा में खेला जाएगा। WPL की शुरुआत 2023 में हुई थी। मुंबई इंडियंस ने दो बार खिताब जीता है और RCB 2024 की चैंपियन रही। टीम इंडिया ने हाल ही में अपना पहला वनडे वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा था।




