बेंगलुरु। Royal Challengers Bangalore Women ने 2024 में इतिहास रचते हुए मेंस टीम से पहले ट्रॉफी जीती थी। कप्तान Smriti Mandhana की अगुआई में टीम ने फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को हराया था। उस खिताबी सफर में एलिस पेरी और सोफी डिवाइन टीम की सबसे मजबूत कड़ी रहीं, लेकिन 2026 सीजन में ये दोनों खिलाड़ी RCB का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि क्या टीम फिर से वही दबदबा बना पाएगी?
2025 में कहां चूकी थी RCB
2024 में चैंपियन बनने के बाद 2025 में भी RCB से प्लेऑफ की उम्मीद थी, लेकिन टीम सिर्फ 3 मैच जीतकर चौथे स्थान पर रही। शुरुआती जीत के बाद लगातार हारों ने प्लेऑफ की राह बंद कर दी।
2026 में क्या बदला?
एलिस पेरी निजी कारणों से टूर्नामेंट नहीं खेल रहीं। वे टीम की टॉप रन स्कोरर और प्रमुख विकेट टेकर थीं। उनके अलावा सोफी डिवाइन और रेणुका सिंह को भी रिटेन नहीं किया गया। ऑक्शन में RCB ने पूजा वस्त्राकर, ग्रेस हैरिस, अरुंधति रेड्डी, नदीन डी क्लर्क, राधा यादव और इंग्लैंड की तेज गेंदबाज लौरेन बेल को टीम में जोड़ा है। ओपनिंग के लिए जॉर्जिया वोल और अनकैप्ड गौतमी नायक को मौका मिल सकता है।
मंधाना पर दोहरी जिम्मेदारी
शादी टूटने के बाद यह स्मृति मंधाना का पहला बड़ा टूर्नामेंट होगा। हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ T20 सीरीज में उन्होंने 80 रन की शानदार पारी खेलकर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए हैं। अब कप्तानी के साथ-साथ टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी उन्हीं के कंधों पर होगी।
पेरी–डिवाइन की भरपाई कैसे?
पेरी की जगह ग्रेस हैरिस और नदीन डी क्लर्क ऑलराउंड रोल निभा सकती हैं। डिवाइन की कमी को जॉर्जिया वोल ओपनिंग में पूरा कर सकती हैं, जबकि नई गेंद से लौरेन बेल और अरुंधति रेड्डी पर जिम्मेदारी होगी।
किन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
पूजा वस्त्राकर: लंबी चोट के बाद वापसी, फिटनेस अहम
राधा यादव: गेंद के साथ-साथ बैटिंग में भी योगदान की उम्मीद
गौतमी नायक: घरेलू क्रिकेट में शानदार फॉर्म, WPL में पहला बड़ा मौका
ताकत और कमजोरी
ताकत: मिडिल और लोअर ऑर्डर में हैरिस, ऋचा घोष, डी क्लर्क, वस्त्राकर और राधा के साथ मजबूत फिनिशिंग।
कमजोरी: टॉप ऑर्डर में अनुभव की कमी और तेज गेंदबाजी में सीमित विकल्प।
संभावित प्लेइंग-11
स्मृति मंधाना (कप्तान), जॉर्जिया वोल, गौतमी नायक, ग्रेस हैरिस, ऋचा घोष (विकेटकीपर), नदीन डी क्लर्क, पूजा वस्त्राकर, राधा यादव, श्रेयांका पाटील, अरुंधति रेड्डी, लौरेन बेल।
RCB के लिए यह सीजन नए चेहरों और नई जिम्मेदारियों का है। देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह टीम एक बार फिर चैंपियन वाली कहानी लिख पाती है या नहीं।




