नई दिल्ली। अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनल मेसी आज अपने तीन दिवसीय ‘GOAT इंडिया’ दौरे का समापन करेंगे। कार्यक्रम के तहत वे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे और इसके बाद दोपहर 1:30 बजे अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित सम्मान समारोह में शामिल होंगे। इसी के साथ भारत यात्रा का समापन होगा।
इससे पहले रविवार को मेसी मुंबई पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर से मुलाकात की। वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मेसी ने अपने साथी खिलाड़ियों लुईस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल के साथ पैडल इवेंट में भाग लिया। दोपहर से ही स्टेडियम में दर्शकों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।
शाम करीब साढ़े पांच बजे भारतीय फुटबॉल आइकन सुनील छेत्री वानखेड़े पहुंचे। यहां इंडियन स्टार्स और फ्रेंड्स स्टार्स के बीच एक फ्रेंडली मैच खेला गया, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ भी मैदान पर नजर आए। मुकाबला 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ।
इसके बाद मेसी और सचिन तेंदुलकर स्टेडियम पहुंचे। मेसी ने सुनील छेत्री से मुलाकात कर उन्हें जर्सी और स्मृति चिन्ह भेंट किया। पेनल्टी शूटआउट में हिस्सा लेने के बाद मेसी ने मैदान का चक्कर लगाया और दर्शकों की ओर फुटबॉल उछाली। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ भी फुटबॉल खेला, जिससे माहौल बेहद उत्साहपूर्ण हो गया।
कार्यक्रम के अंत में मेसी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, अभिनेता अजय देवगन और अभिनेत्री करीना कपूर से भी मुलाकात की। वहीं सचिन तेंदुलकर ने मेसी को अपनी 2011 विश्व कप विजेता टीम की जर्सी भेंट की।
इससे एक दिन पहले मेसी हैदराबाद पहुंचे थे, जहां उन्होंने बच्चों के साथ फुटबॉल खेला और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी व लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी। कोलकाता में उन्होंने अपनी 70 फीट ऊंची प्रतिमा का वर्चुअल उद्घाटन भी किया था, हालांकि सॉल्ट लेक स्टेडियम से जल्दी रवाना होने पर कुछ फैंस की नाराजगी भी सामने आई थी।
यूनिसेफ के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में मेसी इस ‘GOAT इंडिया’ टूर पर भारत आए थे। चार शहरों के दौरे के बाद आज प्रधानमंत्री से मुलाकात के साथ उनका यह विशेष दौरा समाप्त हो जाएगा।




