BCCI ने रोहित-कोहली को A ग्रेड से हटाकर B ग्रेड में रखा, A+ ग्रेड खत्म

Must read

मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 2025-26 सीजन के लिए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट जारी कर दी है। इस बार बोर्ड ने बड़ा बदलाव करते हुए A+ ग्रेड को ही समाप्त कर दिया है। इसके साथ ही पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली को A+ से डिमोट कर सीधे ग्रेड B में शामिल किया गया है।

पिछले साल रोहित, कोहली के साथ जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा A+ ग्रेड में थे। नई लिस्ट में बुमराह और जडेजा को ग्रेड A में रखा गया है। वहीं टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल भी ग्रेड A में बरकरार हैं।

BCCI ने रिटेन खिलाड़ियों को तीन ग्रेड A, B और C में बांटा है। बोर्ड ने अभी तक नए ग्रेड मॉडल की सैलरी स्ट्रक्चर पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। हालांकि पिछले सीजन के अनुसार A+ ग्रेड को 7 करोड़, ग्रेड A को 5 करोड़, ग्रेड B को 3 करोड़ और ग्रेड C को 1 करोड़ रुपए सालाना मिलते थे।

रोहित शर्मा और विराट कोहली अब केवल वनडे फॉर्मेट खेल रहे हैं। इसी वजह से दोनों को ग्रेड B में रखा गया है। दोनों खिलाड़ियों ने टी-20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद टी-20 इंटरनेशनल से संन्यास लिया था और मई 2024 में टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया था।

पुरुषों की कैटेगरी में कुल 30 खिलाड़ियों को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल किया गया है। इनमें ग्रेड A में 3, ग्रेड B में 11 और ग्रेड C में 17 खिलाड़ी रखे गए हैं। वहीं महिलाओं की कैटेगरी में 21 खिलाड़ियों के नाम शामिल किए गए हैं।

नई लिस्ट में पिछले साल ग्रेड A में शामिल केएल राहुल, मोहम्मद सिराज, हार्दिक पंड्या और ऋषभ पंत को ग्रेड B में डिमोट कर दिया गया है। ग्रेड B में सूर्यकुमार यादव के अलावा कुलदीप यादव, यशस्वी जायसवाल, वॉशिंगटन सुंदर और श्रेयस अय्यर जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं।

ग्रेड C में तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, संजू सैमसन, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, नीतीश रेड्डी, अभिषेक शर्मा, रवि बिश्नोई और ऋतुराज गायकवाड़ जैसे खिलाड़ियों को जगह मिली है। वहीं अक्षर पटेल को ग्रेड C में डिमोट किया गया है और साई सुदर्शन को नई लिस्ट में शामिल किया गया है, जबकि मोहम्मद शमी को बाहर कर दिया गया है।

महिला खिलाड़ियों की कैटेगरी में 4 खिलाड़ियों को ग्रेड A में रखा गया है। इनमें कप्तान हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्ज और दीप्ति शर्मा शामिल हैं। ग्रेड B में रेणुका ठाकुर, शेफाली वर्मा, ऋचा घोष और स्नेह राणा को जगह दी गई है। ग्रेड C में घरेलू क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जिनमें क्रांति गौड़ और काश्वी गौतम जैसे नाम शामिल हैं।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article