नई दिल्ली। भारतीय हॉकी टीम के उपकप्तान हार्दिक सिंह को साल 2025 के मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया है। चयन समिति ने खेल रत्न के लिए सिर्फ हार्दिक सिंह के नाम की सिफारिश की है। 27 वर्षीय हार्दिक टोक्यो ओलिंपिक 2021 और पेरिस ओलिंपिक 2024 में मेडल जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं और एशिया कप 2025 में भारत को गोल्ड दिलाने में उनकी अहम भूमिका रही।
बुधवार को हुई चयन समिति की बैठक में अर्जुन पुरस्कार के लिए भी नाम तय किए गए। समिति में IOA उपाध्यक्ष गगन नारंग, पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी अपर्णा पोपट और पूर्व हॉकी खिलाड़ी एमएम सोमैया शामिल थे। इस साल कुल 24 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है, जिसमें शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख, डेकाथलॉन एथलीट तेजस्विन शंकर, राइफल शूटर मेहुली घोष और बैडमिंटन जोड़ी त्रिसा जॉली–गायत्री गोपीचंद शामिल हैं। खास बात यह है कि इस बार किसी भी क्रिकेटर का नाम पुरस्कार सूची में नहीं है।
योगासन खेल से जुड़ी खिलाड़ी आरती पाल को पहली बार अर्जुन पुरस्कार के लिए सिफारिश की गई है। वहीं दिव्या देशमुख अर्जुन पुरस्कार पाने वाली पहली महिला शतरंज खिलाड़ी बनी हैं। चयन समिति की सिफारिशों पर अंतिम फैसला केंद्र सरकार और खेल मंत्रालय द्वारा लिया जाएगा।




