लखनऊ। भारतीय शटलरों ने गुरुवार को सैयद मोदी बैडमिंटन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया। के श्रीकांत ने एकतरफा जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, जबकि पुरुष और महिला एकल के मुकाबलों में कई बड़े उलटफेर देखने को मिले। भारत के मनराज सिंह ने तीसरी वरीय एचएस प्रणय को सीधे गेम में हराकर चौंकाया, वहीं तन्वी शर्मा ने पूर्व विश्व चैंपियन नोजोमी ओकुहारा को मात देकर बड़ा धमाका किया।
योनेक्स सनराइज बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में खेले गए प्री क्वार्टर फाइनल में श्रीकांत ने हमवतन सनीथ दयानंद को 21-6, 21-16 से हराया। अब उनका मुकाबला प्रियांशु राजावत से होगा, जिन्होंने राहुल भारद्वाज को तीन गेम में हराया।
महिला एकल में तन्वी शर्मा ने जापान की ओकुहारा के खिलाफ 13-21, 21-16, 21-19 से जीत दर्ज की। ओकुहारा पहला गेम जीतने के बाद लय कायम नहीं रख सकीं और तन्वी ने तेज सर्विस और सटीक शॉट्स से मैच पलट दिया।
पुरुष एकल में मनराज सिंह ने अनुभवशाली प्रणय को 21-15, 21-18 से हराकर अपनी सुपर सीरीज यात्रा का बड़ा जीत के साथ आगाज़ किया। उन्नति हुड्डा, राधा यादव, त्रिशा जॉली–गायत्री गोपीचंद और कई अन्य भारतीय खिलाड़ियों ने भी क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
महिला डबल्स में यूपी की श्रुति मिश्रा और प्रिया कोंज़ेंगबम की जोड़ी ने यूक्रेन की चौथी वरीय जोड़ी को 21-17, 24-22 से हराकर अंतिम आठ में पहुंचने में सफलता पाई। दिन भर में कई भारतीय खिलाड़ियों ने विदेशी वरीय खिलाड़ियों को हराकर चैंपियनशिप को रोमांचक बना दिया।




