विशाखापट्टनम। इंडिया विमेंस ने श्रीलंका को दूसरे टी-20 मैच में भी 7 विकेट से हराकर 5 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। डॉ वायएस राजशेखर रेड्डी स्टेडियम में मंगलवार को भारत ने पहले गेंदबाजी चुनी और श्रीलंका को 9 विकेट पर 128 रन पर रोक दिया। जवाब में भारतीय टीम ने 12वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही और पहले ओवर में ही विष्मी गुणारत्ने आउट हो गईं। इसके बाद कप्तान चमारी अटापट्टू ने हसिनी परेरा के साथ पारी संभाली और स्कोर 40 के पार पहुंचाया। अटापट्टू 31 रन बनाकर आउट हुईं। हसिनी परेरा (22) और हर्षिता समरविक्रमा (33) ने टीम को 80 के करीब पहुंचाया, लेकिन इनके आउट होते ही श्रीलंकाई पारी लड़खड़ा गई। भारत की ओर से स्पिनर्स वैष्णवी शर्मा और श्री चरणी ने 2-2 विकेट लिए, जबकि 3 बल्लेबाज रन आउट हुईं।
129 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत की। स्मृति मंधाना जल्दी आउट हो गईं, लेकिन इसके बाद शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्ज ने तेजी से रन जोड़े। दोनों के बीच 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी हुई। जेमिमा 26 रन बनाकर आउट हुईं, लेकिन शेफाली ने दबाव बनाए रखा।
शेफाली वर्मा ने महज 27 गेंदों में शानदार अर्धशतक जड़ा और कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ मिलकर टीम को आसान जीत दिला दी। शेफाली 69 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि हरमनप्रीत ने 10 रन बनाए। भारत ने 11.5 ओवर में ही मुकाबला खत्म कर दिया।
इस जीत के साथ इंडिया विमेंस सीरीज में 2-0 से आगे हो गई है। पहला मैच भी भारत ने 8 विकेट से जीता था। सीरीज का तीसरा मुकाबला 26 दिसंबर को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा, जहां आखिरी दो मैच भी आयोजित होंगे।




