नई दिल्ली। टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली 15 साल बाद घरेलू विजय हजारे ट्रॉफी खेलते नजर आएंगे। उन्होंने खुद फोन पर DDCA को इसकी जानकारी दी। रांची में फिटनेस पर उनके बयान के बाद BCCI के एक सीनियर अधिकारी ने उन्हें यह टूर्नामेंट खेलने के लिए तैयार किया।
कोहली ने कहा था कि 37 साल की उम्र में वे अपना शेड्यूल खुद समझते हैं और रिकवरी के लिए समय भी जरूरी है। उन्होंने पिछली बार विजय हजारे ट्रॉफी फरवरी 2010 में खेली थी। टूर्नामेंट 24 दिसंबर से अहमदाबाद में शुरू होगा।
कोहली अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए खेल रहे हैं। वे टी-20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। वे फिलहाल दूसरे वनडे के लिए रायपुर में मौजूद हैं।
दिल्ली अपने सभी सात लीग मैच बेंगलुरु के आसपास खेलेगी। इनमें पांच मैच अलूर में और दो एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होंगे, जो RCB का होम ग्राउंड है।
BCCI पहले ही साफ कर चुका है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली को वनडे टीम में बने रहने के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना होगा। इसी के चलते दोनों खिलाड़ी इस सीजन में डोमेस्टिक टूर्नामेंटों में हिस्सा ले रहे हैं।
हाल ही में कोहली ने रांची में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 135 रन की शतकीय पारी खेली थी। विजय हजारे ट्रॉफी के मैच 8 जनवरी तक चलेंगे, जबकि न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज 11 जनवरी से शुरू होगी। ऐसे में उनके सभी मैच खेलने को लेकर अभी स्पष्ट नहीं है।
रोहित शर्मा भी इस टूर्नामेंट में खेलेंगे, इसकी पुष्टि वे पहले ही कर चुके हैं।




