जयपुर। भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर ने विजय हजारे ट्रॉफी में अहम पारी खेलकर अपनी फिटनेस को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं। जयपुर में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मुंबई की कप्तानी करते हुए अय्यर ने 82 रन की पारी खेली और टीम को 7 रन से जीत दिलाई। अय्यर को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है, हालांकि उनका खेलना पूरी तरह फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर रहेगा।
इसी मुकाबले में मुंबई ने आखिरी ओवरों में शानदार वापसी करते हुए हिमाचल प्रदेश को रोका। अय्यर की पारी में संयम और आक्रामकता का अच्छा संतुलन देखने को मिला, जिससे चयनकर्ताओं को उनका फॉर्म और फिटनेस दोनों का भरोसा मिला।
पंजाब ने गोवा को हराया, गिल जल्दी आउट
गोवा के खिलाफ 212 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की शुरुआत खराब रही। ओपनर प्रभसिमरन सिंह 2 रन बनाकर आउट हुए, जबकि भारतीय कप्तान शुभमन गिल 11 रन ही बना सके। इसके बावजूद टीम ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट से मुकाबला जीत लिया।
अन्य मुकाबलों के नतीजे
झारखंड ने मध्यप्रदेश को 2 विकेट से हराया
कर्नाटक ने राजस्थान को 150 रन से मात दी
केरल ने पुडुचेरी को 8 विकेट से हराया
तमिलनाडु ने त्रिपुरा को 54 रन से हराया
हैदराबाद ने बंगाल को 107 रन से हराया
उत्तर प्रदेश ने विदर्भ को 54 रन से शिकस्त दी
बड़ौदा ने जम्मू-कश्मीर को 76 रन से हराया
चंडीगढ़ ने असम को 7 विकेट से हराया
उत्तराखंड ने सिक्किम को 6 विकेट से हराया
मुंबई ने हिमाचल प्रदेश को 7 रन से हराया
पंजाब ने गोवा को 6 विकेट से हराया
छत्तीसगढ़ ने महाराष्ट्र को 6 रन से हराया
दिल्ली ने रेलवे को 6 विकेट से हराया
गुजरात ने ओडिशा को 233 रन से हराया
सौराष्ट्र ने ओडिशा को 111 रन से हराया
आंध्र प्रदेश और हरियाणा के बीच मुकाबला टाई रहा
बिहार प्लेट ग्रुप का चैंपियन
प्लेट ग्रुप के फाइनल में बिहार ने मणिपुर को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। आयुष लोहरका ने 75 रन की अहम पारी खेलते हुए 170 रन का लक्ष्य 31.2 ओवर में हासिल कराया। इससे पहले मणिपुर की टीम 47.5 ओवर में 169 रन पर ऑलआउट हो गई। बिहार के लिए शाबिर खान ने हैट्रिक सहित 7 विकेट झटके और जीत के हीरो बने।




