लखनऊ। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी पांच मैचों की टी-20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया फिलहाल सीरीज में 2-1 की बढ़त बनाए हुए है और इस मैच को जीतकर सीरीज अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी।
सीरीज की शुरुआत में भारत ने पहला मुकाबला 101 रन से जीता था, जबकि दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका ने 51 रन से जीत दर्ज कर बराबरी कर ली थी। तीसरे टी-20 में धर्मशाला में भारत ने 7 विकेट से जीत हासिल कर फिर बढ़त बना ली।
इकाना स्टेडियम में भारतीय टीम का रिकॉर्ड बेहद मजबूत रहा है। यहां खेले गए अब तक के तीनों टी-20 मुकाबलों में भारत को जीत मिली है। इस मैदान पर आखिरी टी-20 मैच 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला गया था, जिसमें भारत ने 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया था।
हालांकि सीरीज के शुरुआती तीन मैचों में कप्तान सूर्यकुमार यादव और उपकप्तान शुभमन गिल बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं। गिल का अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 28 रन रहा है, जबकि सूर्यकुमार यादव के बल्ले से 12, 5 और 12 रन ही निकले हैं। ऐसे में घरेलू मैदान पर दोनों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
आंकड़ों पर नजर डालें तो भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब तक 34 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें भारत ने 20 मैच जीते हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका को 13 में सफलता मिली है। एक मुकाबला बेनतीजा रहा है।
टीम इंडिया को इस मैच में अक्षर पटेल की कमी खलेगी। बीमारी के कारण वह सीरीज के आखिरी दो मैचों से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह शाहबाज अहमद को टीम में शामिल किया गया है।
अब तक सीरीज में भारत के लिए तिलक वर्मा सबसे प्रभावशाली बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने तीन मैचों में 114 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 मैचों में 6 विकेट लिए हैं।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से कप्तान ऐडन मार्करम सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी टीम के लिए अहम साबित हुए हैं।
इकाना स्टेडियम की पिच आमतौर पर धीमी रहती है। यहां स्पिन गेंदबाजों को मैच के साथ-साथ मदद मिलती है और बड़े स्कोर बनाना आसान नहीं होता। अब तक यहां खेले गए 6 टी-20 इंटरनेशनल में से 5 मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, ऐसे में टॉस की भूमिका अहम रहेगी।
मौसम की बात करें तो मैच के दौरान अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हल्की ठंड और ओस भी खेल को प्रभावित कर सकती है।
संभावित प्लेइंग-11
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), हर्षित राणा, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह।
दक्षिण अफ्रीका: ऐडन मार्करम (कप्तान), रीजा हेंड्रिक्स, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), डेवॉल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, डोनोवन फरेरा, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, एनरिक नॉर्त्या, लुंगी एनगिडी, ओर्टनील बार्टमैन।
लखनऊ में सीरीज सील करने उतरेगी टीम इंडिया, चौथे टी-20 में दक्षिण अफ्रीका से टक्कर




