भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में वर्ल्ड नंबर 6 चोउ तिएन चेन को कड़े मुकाबले में हराया। लक्ष्य ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए 17-21, 24-22, 21-16 से जीत दर्ज की। मैच 86 मिनट तक चला और निर्णायक गेम में भारतीय खिलाड़ी पूरी तरह हावी रहे।
लक्ष्य इससे पहले भी चेन को तीन बार हरा चुके हैं। इस मुकाबले में भी शुरू में पिछड़ने के बावजूद उन्होंने दूसरा गेम बचाए गए मैच पॉइंट्स के साथ अपने नाम किया। स्कोर 14-17 से पीछे होने के बाद लक्ष्य ने लगातार अंक जुटाए और गेम जीतकर मैच को तीसरे सेट में पहुंचाया।
फैसले वाले गेम में लक्ष्य ने शुरुआत से लय पकड़ी और 21-16 से मुकाबला अपने नाम किया। यह उनका इस सीजन में दूसरा BWF वर्ल्ड टूर फाइनल है। अब फाइनल में उनका सामना जापान के युशी तनाका से होगा।
डबल्स में भारत की चुनौती खत्म हो गई, क्योंकि चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी क्वार्टर फाइनल में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।




