भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने रविवार को ऑस्ट्रेलियन ओपन सुपर 500 का खिताब जीत लिया। फाइनल में उन्होंने जापान के युशी तनाका को 21-15, 21-11 से मात दी। यह मुकाबला केवल 38 मिनट चला और जीत के बाद लक्ष्य ने कानों पर उंगलियां रखकर अपना खास अंदाज में जश्न मनाया।
अल्मोड़ा के 24 वर्षीय लक्ष्य पेरिस ओलिंपिक के बाद फॉर्म से जूझ रहे थे, लेकिन इस टूर्नामेंट में उन्होंने शानदार वापसी की। सेमीफाइनल में उन्होंने चीनी ताइपे के चोउ तिएन चेन को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
तनाका के खिलाफ मैच एकतरफा रहा। शुरुआती गेम में लक्ष्य ने तेज शुरुआत की और 11-8 की बढ़त लेकर ब्रेक में पहुंचे। उनके बैकहैंड स्मैश और क्रॉस-कोर्ट विनर ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली। पहला गेम उन्होंने पहला ही गेम प्वाइंट कन्वर्ट कर जीता।
दूसरा गेम पूरी तरह लक्ष्य के नियंत्रण में था। तनाका लगातार नेट और बैकलाइन की गलतियां करते रहे, जबकि लक्ष्य अपने तेज फुटवर्क और साफ शॉट्स के दम पर 19-8 की बढ़त बना चुके थे। दस मैच प्वाइंट में से दूसरे पर उन्होंने मैच और खिताब दोनों अपने नाम किए।
यह लक्ष्य का 2024 के बाद पहला बड़ा टाइटल है। इससे पहले उन्होंने सैयद मोदी इंटरनेशनल जीता था। इस सीजन में BWF वर्ल्ड टूर का खिताब जीतने वाले वे आयुष शेट्टी के बाद सिर्फ दूसरे भारतीय बने हैं।




