विशाखापट्टनम। भारत और दक्षिण अफ्रीका की वनडे सीरीज के बाद बीसीसीआई ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के करियर प्लान को लेकर अहम बैठक बुलाने का फैसला किया है। इसमें कोच गौतम गंभीर और चीफ सेलेक्टर अजित आगरकर भी मौजूद रहेंगे। बोर्ड का उद्देश्य 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक दोनों सीनियर खिलाड़ियों की भूमिका, फिटनेस और टीम रणनीति को स्पष्ट करना है।
सूत्रों के मुताबिक बोर्ड दोनों बल्लेबाजों से फॉर्म और फिटनेस बनाए रखने की रूपरेखा मांग सकता है और घरेलू क्रिकेट में अधिक हिस्सा लेने की सलाह भी दे सकता है। दोनों खिलाड़ी फिलहाल टेस्ट और टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और केवल वनडे खेल रहे हैं।
बोर्ड चाहता है कि रोहित आक्रामक खेल जारी रखें, जैसा उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी में दिखाया था। टीम मैनेजमेंट का मानना है कि टॉप ऑर्डर में उनका बिंदास अंदाज युवाओं के लिए मंच तैयार करता है। साथ ही कोहली और रोहित को भविष्य को लेकर सार्वजनिक बयान देने से फिलहाल रोका गया है ताकि वे केवल प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल का मानना है कि यदि दोनों खिलाड़ी मानसिक और शारीरिक तौर पर फिट रहे तो 2027 वर्ल्ड कप खेलना उनके लिए असंभव नहीं है।




