दिल्ली। टी-20 वर्ल्ड कप के 18वें मुकाबले में आज मेजबान भारत का सामना नामीबिया से होगा। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस 6.30 बजे होगा।
भारत ने अपने पहले मुकाबले में अमेरिका को हराया था, जबकि नामीबिया को नीदरलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। आज का मैच जीतकर टीम इंडिया ग्रुप-A की पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच सकती है। वहीं नामीबिया भी जीत दर्ज कर नंबर-2 पर पहुंचने की कोशिश करेगी। फिलहाल पाकिस्तान 4 पॉइंट्स के साथ पहले स्थान पर है।
नामीबिया ने अब तक टी-20 वर्ल्ड कप में कुल 16 मैच खेले हैं, जिसमें टीम को 4 में जीत और 11 में हार मिली है, जबकि एक मुकाबला टाई रहा। टीम 2022 वर्ल्ड कप में श्रीलंका को भी हरा चुकी है। वहीं वर्ल्ड कप में भारत और नामीबिया के बीच 2021 में एक मुकाबला खेला गया था, जिसमें भारत ने जीत दर्ज की थी।
इस मुकाबले से पहले भारत को झटका लगा है, क्योंकि ओपनर अभिषेक शर्मा बीमार हैं और उनका खेलना मुश्किल माना जा रहा है। ऐसे में उनकी जगह संजू सैमसन को मौका मिल सकता है और वे ईशान किशन के साथ ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव अमेरिका के खिलाफ 84 रन बनाकर शानदार फॉर्म में हैं।
गेंदबाजी की बात करें तो अमेरिका के खिलाफ मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट लिए थे और अर्शदीप सिंह ने 2 विकेट झटके थे। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट से उबरने के बाद आज वापसी कर सकते हैं। ऐसे में अर्शदीप या सिराज में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है।
वहीं नामीबिया अपने पहले मुकाबले में नीदरलैंड से 7 विकेट से हार गई थी। अगर आज भी टीम हारती है तो सुपर-8 में पहुंचना मुश्किल हो जाएगा। पहले मैच में नामीबिया के लिए जैन निकोल लॉफ्टी-ईटन ने 42 रन बनाए थे और एक विकेट भी लिया था। लेफ्ट आर्म स्पिनर बर्नार्ड शोल्ट्ज ने भी एक विकेट हासिल किया था।
अरुण जेटली स्टेडियम में इससे पहले नामीबिया ने 156 रन बनाए थे, जिसे नीदरलैंड ने 18 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। आज भी पिच बल्लेबाजों के अनुकूल रहने की उम्मीद है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम लक्ष्य का पीछा करना पसंद कर सकती है।
मौसम की बात करें तो दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं है। तापमान 12 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दिन में गर्मी रहेगी, लेकिन मैच शाम को होने के कारण मौसम ठंडा रहेगा।
भारत की संभावित प्लेइंग-11 में संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह/मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह शामिल हो सकते हैं। वहीं नामीबिया की संभावित टीम में लौरेन स्टीनकैंप, जैन फ्रायलिंक, जैन निकोल लॉफ्टी-ईटन, जेरार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, जैन ग्रीन (विकेटकीपर), डायलन लीचर, रूबन ट्रम्पलमैन, विलेम मायबर्ग, बर्नार्ड शोल्ट्ज और मैक्स हिंगो को शामिल किया गया है।




