भारत-साउथ अफ्रीका सुपर-8 मुकाबला आज, अहमदाबाद में शाम 7 बजे से टक्कर

Must read

अहमदाबाद। टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 स्टेज का तीसरा मुकाबला आज भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।

दोनों टीमें 2024 एडिशन के फाइनल में भी आमने-सामने हुई थीं। उस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 176 रन बनाए थे। जवाब में साउथ अफ्रीका 8 विकेट पर 168 रन ही बना सकी थी और भारत 7 रन से जीतकर 17 साल बाद टी-20 वर्ल्ड चैंपियन बना था।

ग्रुप स्टेज में दोनों टीमें अजेय रहीं। भारत ने अमेरिका, नामीबिया, पाकिस्तान और नीदरलैंड को हराया, जबकि साउथ अफ्रीका ने कनाडा, अफगानिस्तान, न्यूजीलैंड और यूएई को मात दी। टी-20 इंटरनेशनल में अब तक दोनों टीमों के बीच 35 मैच खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 21 और साउथ अफ्रीका ने 13 जीते हैं। एक मुकाबला बेनतीजा रहा। वर्ल्ड कप में दोनों सात बार भिड़े हैं, जिनमें पांच मैच भारत ने जीते हैं।

इस टूर्नामेंट में ईशान किशन शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने चार मैचों में 176 रन बनाए हैं, जिसमें 77 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने चार मैचों में नौ विकेट लिए हैं। साउथ अफ्रीका के कप्तान ऐडन मार्करम ने चार मैचों में 178 रन बनाए हैं, जबकि लुंगी एनगिडी ने तीन मैचों में आठ विकेट चटकाए हैं।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यहां अब तक 12 टी-20 इंटरनेशनल खेले गए हैं, जिनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने आठ मैच जीते हैं। पहली पारी का औसत स्कोर करीब 190 रन है। शाम के समय ड्यू फैक्टर भी असर डाल सकता है।

भारतीय टीम में एक बदलाव संभव है। उपकप्तान अक्षर पटेल की वापसी हो सकती है, ऐसे में वॉशिंगटन सुंदर को बाहर बैठना पड़ सकता है। अभिषेक शर्मा का फॉर्म चिंता का विषय है। वे इस वर्ल्ड कप में तीन मैचों में खाता नहीं खोल सके हैं, हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उनका समर्थन करते हुए कहा है कि टीम उनके साथ खड़ी है।

संभावित प्लेइंग इलेवन में भारत की ओर से ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह शामिल हो सकते हैं। साउथ अफ्रीका की ओर से ऐडन मार्करम, क्विंटन डी कॉक, रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसन, कार्बिन बॉश, केशव महाराज, कगिसो रबाडा और लुंगी एनगिडी मैदान में उतर सकते हैं।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article