भारत बना टी-20 वर्ल्ड कप चैंपियन, न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर रचे कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड

Must read

अहमदाबाद। भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारत ने तीन साल में तीसरी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ट्रॉफी जीतने का कारनामा भी कर दिखाया। इससे पहले टीम ने 2024 में टी-20 विश्व कप और 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की थी। इस जीत के साथ भारत टी-20 विश्व कप इतिहास में तीन बार खिताब जीतने वाला पहला देश बन गया। साथ ही टीम ने लगातार दूसरी बार यह खिताब जीतकर इसे बचाने का रिकॉर्ड भी बनाया और पहली बार अपने घरेलू मैदान पर टी-20 विश्व कप ट्रॉफी जीती। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने 106 छक्के लगाए और एक संस्करण में 100 से ज्यादा छक्के लगाने वाली पहली टीम बन गई। फाइनल मुकाबले में भी भारत ने 255 रन बनाकर टी-20 विश्व कप फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। पावरप्ले में टीम ने छह ओवर में 92 रन बनाकर टूर्नामेंट के सबसे बड़े पावरप्ले स्कोर की बराबरी की। भारतीय टीम ने अब तक सात बार 200 से अधिक रन बनाकर इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 200 प्लस स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया, जो टी-20 विश्व कप इतिहास में भारत की सबसे बड़ी जीत भी बन गई। मैच में संजू सैमसन ने 89 रन की पारी खेली, जो टी-20 विश्व कप फाइनल की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी मानी जा रही है। वहीं पूरे टूर्नामेंट में 321 रन बनाकर उन्होंने एक संस्करण में किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा बनाए गए सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया और विराट कोहली का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। संजू सैमसन ने टूर्नामेंट में 24 छक्के लगाकर एक संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टी-20 विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज का रिकॉर्ड अपने नाम किया और फाइनल में 15 रन देकर चार विकेट लेकर दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन दर्ज किया। वहीं भारतीय सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने फाइनल में 98 रन की साझेदारी कर टी-20 विश्व कप फाइनल की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी भी बनाई। इस जीत के साथ भारतीय क्रिकेट टीम ने विश्व क्रिकेट में अपना दबदबा और मजबूत कर लिया।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article