भारत–न्यूजीलैंड वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला आज

Must read

इंदौर। भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला आज होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 1:00 बजे होगा। तीन मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबर है, ऐसे में आज का मुकाबला सीरीज का फैसला करेगा।

यह मैच भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गजों रोहित शर्मा और विराट कोहली के लिए भी खास है। आज का मुकाबला खेलने के बाद दोनों अगले छह महीने तक इंटरनेशनल क्रिकेट में नजर नहीं आएंगे। रोहित और कोहली टेस्ट और टी-20 से संन्यास ले चुके हैं और अब जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर ही वनडे खेलते दिखेंगे।

अब तक भारत और न्यूजीलैंड के बीच 122 वनडे खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 63 और न्यूजीलैंड ने 51 मैच जीते हैं। भारत में खेले गए 42 वनडे में टीम इंडिया का दबदबा रहा है, जहां उसने 32 मुकाबले जीते हैं। होलकर स्टेडियम में भारत का रिकॉर्ड और भी शानदार है। यहां 2006 से अब तक खेले गए सभी 7 वनडे भारत ने जीते हैं। 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ इसी मैदान पर भारत ने 90 रन से जीत दर्ज की थी।

सीरीज में भारत के लिए केएल राहुल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने दो मैचों में 141 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक शामिल है। गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा ने अहम भूमिका निभाई है। न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने दूसरे वनडे में शतक लगाया था और दो मैचों में 215 रन बना चुके हैं। गेंदबाजी में काइल जैमिसन ने पांच विकेट लेकर असर छोड़ा है।

होलकर स्टेडियम की पिच काली मिट्टी से बनी है, जिसे बल्लेबाजों के लिए अनुकूल माना जा रहा है। ठंड के कारण ओस दूसरी पारी में अहम भूमिका निभा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार मैच के दिन इंदौर में मौसम साफ रहेगा और तापमान 13 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

भारत की संभावित प्लेइंग-11 में शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा शामिल हैं। न्यूजीलैंड की संभावित टीम में माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, विल यंग, हेनरी निकोल्स, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मिच हे (विकेटकीपर), जैक फॉल्क्स, काइल जैमिसन, क्रिस्टियन क्लार्क और जैडन लेनोक्स हो सकते हैं।

मुकाबले का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा, जबकि ऑनलाइन स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार एप पर देखी जा सकेगी।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article