नई दिल्ली। भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया। यह टूर्नामेंट इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सुपर-8 राउंड के लिए क्वालिफाई कर लिया है। भारत लगातार तीन मैच जीतकर ग्रुप-ए की पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गया है।
रविवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए। भारत की गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पंड्या ने 2-2 विकेट झटके और पाकिस्तान की पारी को संभलने का मौका नहीं दिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। ओपनर ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 77 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रन का योगदान दिया। पाकिस्तान की ओर से सईम अयूब ने 3 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे।
भारत की जीत में सबसे अहम भूमिका ईशान किशन की पारी की रही, जिन्होंने शुरुआती विकेट गिरने के बाद तिलक वर्मा के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। वहीं गेंदबाजी में हार्दिक पंड्या ने पहले ओवर में साहिबजादा फरहान को आउट कर पाकिस्तान को शुरुआती झटका दिया। इसके बाद बुमराह ने पावरप्ले में सईम अयूब और कप्तान सलमान आगा को आउट कर पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया।
इस जीत के बाद भारत के 3 मैचों में 6 अंक हो गए हैं और टीम सुपर-8 में पहुंच चुकी है। वहीं इस हार के साथ नामीबिया टूर्नामेंट से बाहर हो गया। मुकाबले के दौरान टॉस के समय दोनों कप्तानों के बीच हाथ न मिलाने को लेकर भी चर्चा रही।




