वडोदरा। भारत ने वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। दूसरा वनडे 14 जनवरी को राजकोट में खेला जाएगा।
कोटांबी स्टेडियम में रविवार को भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 300 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 49 ओवर में 6 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। केएल राहुल ने क्रिस्टियन क्लार्क की गेंद पर छक्का लगाकर जीत दिलाई और नाबाद 29 रन बनाए।
भारतीय पारी में विराट कोहली ने शानदार 93 रन बनाए। कप्तान शुभमन गिल ने 56 और श्रेयस अय्यर ने 49 रन की अहम पारियां खेलीं। न्यूजीलैंड की ओर से काइल जैमिसन ने 4 विकेट झटके।
न्यूजीलैंड के लिए डेरिल मिचेल ने 71 गेंदों पर 84 रन बनाए। हेनरी निकोल्स ने 62 और डेवोन कॉन्वे ने 56 रन की पारी खेली। भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा को 2-2 विकेट मिले, जबकि कुलदीप यादव ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
इस मैच में दो बड़े रिकॉर्ड भी बने। विराट कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने कुमार संगकारा (28,016 रन) को पीछे छोड़ दिया। अब उनसे आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर हैं। वहीं रोहित शर्मा ने वनडे में ओपनर के तौर पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने क्रिस गेल के 328 छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
विराट कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यह उनके करियर का 45वां प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड रहा। अवॉर्ड लेते हुए कोहली ने कहा कि वह अपने सभी पुरस्कार अपनी मां को समर्पित करते हैं और यह सफर उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।




