मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) आज न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर सकता है। पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली का चयन लगभग तय माना जा रहा है। रोहित ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ, जबकि कोहली साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछली सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे। केएल राहुल टीम के मुख्य विकेटकीपर होंगे, लेकिन दूसरे विकेटकीपर के रूप में ऋषभ पंत और ईशान किशन के बीच मुकाबला दिलचस्प रहने वाला है।
वर्कलोड मैनेजमेंट को देखते हुए जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या को वनडे सीरीज से आराम दिया जा सकता है। ऐसे में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की वापसी की संभावना है। तीन मैचों की इस सीरीज का पहला मुकाबला 11 जनवरी को वडोदरा में खेला जाएगा।
ईशान किशन को मिल सकता है फायदा
घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन के बाद ईशान किशन को बैकअप विकेटकीपर के साथ-साथ बैकअप ओपनर की भूमिका भी मिल सकती है। जरूरत पड़ने पर वे मिडिल ऑर्डर में भी बल्लेबाजी कर सकते हैं। दूसरी ओर ऋषभ पंत का हालिया वनडे रिकॉर्ड मजबूत नहीं रहा है, जिससे उनकी जगह खतरे में नजर आ रही है, हालांकि टीम मैनेजमेंट अगर X-फैक्टर को तरजीह देता है तो उन्हें मौका मिल सकता है।
कॉम्बिनेशन के चलते यशस्वी पर संकट
शुभमन गिल की वापसी के साथ टॉप-3 लगभग तय माना जा रहा है। ऐसे में लेफ्ट हैंड ओपनर यशस्वी जायसवाल को प्लेइंग-11 में जगह मिलना मुश्किल हो सकता है। टीम बैलेंस के चलते उन्हें स्क्वॉड से बाहर भी रखा जा सकता है।
शमी-सिराज की वापसी पर चर्चा
मोहम्मद सिराज ने घरेलू क्रिकेट में हैदराबाद के लिए शानदार प्रदर्शन किया है, जिससे उनकी वापसी की उम्मीद बढ़ गई है। वहीं मोहम्मद शमी ने भी घरेलू क्रिकेट में फिटनेस साबित की है। चयन समिति दोनों तेज गेंदबाजों को लेकर मंथन कर सकती है।
बुमराह-हार्दिक को मिल सकता है ब्रेक
लगातार इंजरी से जूझ रहे जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या को वनडे सीरीज से आराम देने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि दोनों खिलाड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज का हिस्सा रहेंगे।
गिल करेंगे कप्तानी
शुभमन गिल की कप्तानी लगभग तय मानी जा रही है। चोट के कारण पिछली वनडे सीरीज से बाहर रहने के बाद अब वे पूरी तरह फिट हैं और टीम की कमान संभाल सकते हैं।
श्रेयस अय्यर की वापसी मुश्किल
पसली की चोट से जूझ रहे श्रेयस अय्यर अभी एनसीए में रिहैब कर रहे हैं। फिटनेस क्लीयरेंस न मिलने के कारण उनका चयन मुश्किल नजर आ रहा है।
नंबर-4 के लिए तिलक और गायकवाड़ में रेस
ऋतुराज गायकवाड़ ने हालिया सीरीज में नंबर-4 पर शतक लगाया था। उनके बैकअप के तौर पर तिलक वर्मा या ऑलराउंडर रियान पराग को मौका मिल सकता है।
नीतीश रेड्डी फिनिशर की भूमिका में
हार्दिक की गैरमौजूदगी में नीतीश कुमार रेड्डी को फिनिशर और पेस ऑलराउंडर के रूप में शामिल किया जा सकता है। स्पिन विभाग में कुलदीप यादव की अगुआई तय मानी जा रही है।
11 से 18 जनवरी तक होगी वनडे सीरीज
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन वनडे मुकाबले 11 से 18 जनवरी के बीच वडोदरा, राजकोट और इंदौर में खेले जाएंगे। टीम इंडिया की घोषणा 3 या 4 जनवरी तक हो सकती है।
भारत का संभावित स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा, केएल राहुल (विकेटकीपर/उपकप्तान), ईशान किशन, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी/प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा।




