अहमदाबाद। टी-20 विश्व कप 2026 का फाइनल आज डिफेंडिंग चैंपियन भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। दोनों टीमें पहली बार टी-20 विश्व कप के फाइनल में आमने-सामने होंगी। दो बार की चैंपियन भारतीय टीम चौथी बार फाइनल में पहुंची है, जबकि न्यूजीलैंड दूसरी बार फाइनल खेलेगा और उसे अब भी अपनी पहली ट्रॉफी का इंतजार है। टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारत का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के खिलाफ बेहतर रहा है, लेकिन टी-20 विश्व कप में भारत अब तक न्यूजीलैंड को नहीं हरा सका है। दोनों टीमों के बीच टूर्नामेंट में खेले गए तीनों मैचों में न्यूजीलैंड ने जीत दर्ज की है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 30 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 18 और न्यूजीलैंड ने 11 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला टाई रहा है। इस टूर्नामेंट में भारत के लिए ईशान किशन सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं, जिन्होंने आठ मैचों में 263 रन बनाए हैं, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 242 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने आठ मैचों में 13 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है और वे एक विकेट लेकर टूर्नामेंट के शीर्ष विकेट लेने वाले गेंदबाज बन सकते हैं। न्यूजीलैंड के लिए फिन एलन आठ मैचों में 289 रन बनाकर टीम के शीर्ष बल्लेबाज रहे हैं, जबकि रचिन रवींद्र ने आठ मैचों में 11 विकेट लिए हैं। फाइनल मुकाबला बल्लेबाजों के लिए अनुकूल पिच पर होने की संभावना है और यहां तेज गेंदबाजों को भी उछाल मिल सकता है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अब तक 14 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं, जिनमें आठ बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम और पांच बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती है। भारत इस मैदान पर दस मैचों में सात जीत दर्ज कर चुका है, जबकि न्यूजीलैंड यहां खेले गए दोनों मैच हार चुका है। अहमदाबाद में रविवार को बारिश की संभावना नहीं है और मौसम गर्म रहने का अनुमान है। मुकाबले के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने एहतियात के तौर पर एक रिजर्व डे भी रखा है। अगर किसी कारण मैच पूरा नहीं हो पाया तो अगले दिन मुकाबला कराया जाएगा और यदि रिजर्व डे पर भी मैच नहीं हो सका तो दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाएगा।
टी-20 विश्व कप फाइनल आज, भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने




