नई दिल्ली। टी-20 वर्ल्ड कप में सुपर-8 स्टेज की 7 टीमें तय हो चुकी हैं। अब आखिरी टीम का फैसला बुधवार को होने वाले पाकिस्तान बनाम नामीबिया मैच से होगा। अगर पाकिस्तान जीतता है तो टीम सुपर-8 के ग्रुप-2 में पहुंच जाएगी। वहीं अगर नामीबिया जीत गया तो अमेरिका ग्रुप-2 में क्वालिफाई करेगा।
टीम इंडिया सुपर-8 के ग्रुप-1 में रहेगी, जहां उसका सामना साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे से होगा। पहले उम्मीद थी कि इस ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया पहुंचेगा, लेकिन टीम लीग स्टेज से ही बाहर हो गई। उसकी जगह ग्रुप-बी से जिम्बाब्वे ने सुपर-8 के ग्रुप-1 में एंट्री की है।
सुपर-8 स्टेज 21 फरवरी से शुरू होगा। ग्रुप स्टेज के मुकाबले 20 फरवरी तक खेले जाएंगे। सुपर-8 के पहले दिन न्यूजीलैंड का मुकाबला पाकिस्तान या अमेरिका से होगा। ग्रुप-2 में न्यूजीलैंड के अलावा इंग्लैंड और श्रीलंका भी क्वालिफाई कर चुके हैं।
सुपर-8 में भारत का पहला मुकाबला 22 फरवरी को अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका के खिलाफ होगा। इसके बाद भारत 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे से भिड़ेगा। टीम इंडिया अपना आखिरी सुपर-8 मुकाबला 1 मार्च को कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगी। सुपर-8 स्टेज में कुल 12 मैच खेले जाएंगे। इसमें 4-4 टीमों के दो ग्रुप होंगे और हर टीम अपने ग्रुप में 3 मैच खेलेगी। दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को होगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा। अगर पाकिस्तान नॉकआउट राउंड में पहुंचता है तो उसके सभी मुकाबले कोलंबो में आयोजित होंगे।
ग्रुप स्टेज में 10 टीमें बाहर हो चुकी हैं। ग्रुप-ए से भारत ने क्वालिफाई कर लिया है और नामीबिया 3 मैच हारकर बाहर हो चुका है। पाकिस्तान, अमेरिका और नीदरलैंड के बीच आखिरी क्वालिफिकेशन की स्थिति बनी हुई है। ग्रुप-बी से श्रीलंका और जिम्बाब्वे, ग्रुप-सी से इंग्लैंड और वेस्टइंडीज तथा ग्रुप-डी से न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका सुपर-8 में पहुंच चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, ओमान, स्कॉटलैंड, इटली, नेपाल, अफगानिस्तान, UAE और कनाडा टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में लगातार 3 मैच जीतकर शानदार प्रदर्शन किया है। भारत ने पहले मैच में अमेरिका को 29 रन से हराया, जिसमें कप्तान सूर्यकुमार यादव ने फिफ्टी लगाई। दूसरे मैच में टीम ने नामीबिया को 93 रन से हराया, जहां हार्दिक पंड्या ने फिफ्टी लगाने के साथ 2 विकेट भी लिए। तीसरे मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखा। इस मैच में ईशान किशन ने 77 रन की पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता।




