अमेरिका के रेसलर और रियो ओलिंपिक 2016 में स्वर्ण पदक जीतने वाले काइल स्नायडर हाल ही में एक स्टिंग ऑपरेशन में पकड़े गए। कोलंबस पुलिस ने उन्हें प्रॉस्टिट्यूशन से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया, हालांकि पूछताछ के बाद उन्हें मौके पर ही छोड़ दिया गया। अब उन्हें 19 मई 2025 को अदालत में पेश होना होगा। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 29 वर्षीय स्नायडर के साथ-साथ 15 अन्य लोगों को भी इस केस में आरोपी बनाया गया है। यह कार्रवाई कोलंबस शहर के नॉर्थ साइड इलाके में की गई।
पुलिस ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन एस्कॉर्ट सेवा के नाम पर फर्जी विज्ञापन जारी किए थे, जिनके जरिए उन लोगों को पकड़ने की योजना बनाई गई थी जो अवैध यौन सेवाओं की तलाश कर रहे थे। शुक्रवार रात लगभग 8:15 बजे स्नायडर ने इन फर्जी विज्ञापनों में दिए गए नंबर पर कॉल और मैसेज किया। उन्हें लगा कि वे किसी असली एस्कॉर्ट सेवा से संपर्क कर रहे हैं। इसके बाद वे एक होटल पहुंचे और वहां उन्होंने नकद भुगतान करते हुए एक महिला अधिकारी से यौन सेवा की मांग की, जो इस ऑपरेशन का हिस्सा थीं। उसी वक्त पुलिस ने उन्हें मौके पर गिरफ्तार कर लिया। स्नायडर ने 20 साल की उम्र में ओलिंपिक में गोल्ड जीतकर सबसे कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाले रेसलर का रिकॉर्ड बनाया था।




