दुबई। भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में विराट कोहली ने अपनी पहली सेंचुरी लगाते हुए 100 रन की पारी खेली, जिसमें उन्हें श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल का बेहतरीन साथ मिला। गेंदबाजी में कुलदीप यादव ने 3 जबकि हार्दिक पंड्या ने 2 विकेट चटकाए।
रविवार को दुबई में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन उनकी टीम 49.4 ओवर में 241 रन पर सिमट गई। जवाब में भारत ने 42.3 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की, इससे पहले टीम ने गुरुवार को बांग्लादेश को भी 6 विकेट से हराया था। वहीं, पाकिस्तान लगातार दो हार के बाद टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर पहुंच गया है और अब उसे बांग्लादेश के खिलाफ अपने बचे हुए मुकाबले में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।




