कटक में भारत का जलवा, साउथ अफ्रीका पर 101 रन की करारी जीत

Must read

दिल्ली। भारत ने पहले टी-20 मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 101 रन से हराकर सीरीज में शानदार शुरुआत की। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 175 रन बनाए, जबकि लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की पूरी टीम महज 74 रन पर सिमट गई। भारतीय पारी में कई यादगार पल देखने को मिले। तिलक वर्मा का एक छक्का सीधे स्टेडियम से बाहर जा गिरा, जबकि हार्दिक पंड्या ने सिक्स लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने भारतीय टीम की ओर से एकमात्र फिफ्टी जमाई। दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका के मार्को यानसन ने डाइव लगाकर शानदार कैच पकड़ा और अभिषेक शर्मा की पारी का अंत किया। मैच की शुरुआत भारत के लिए अच्छी नहीं रही और उप-कप्तान शुभमन गिल पहले ही ओवर में आउट हो गए। इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आक्रामक अंदाज दिखाया और एक चौका व एक छक्का लगाया, लेकिन वे भी ज्यादा देर टिक नहीं सके। अभिषेक शर्मा ने चोट लगने के बावजूद साहस दिखाया और अगली ही गेंद पर लंबा छक्का लगाया, लेकिन कुछ देर बाद वे 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 10वें ओवर में तिलक वर्मा ने 89 मीटर लंबा छक्का जड़ा, जो मैच के सबसे चर्चित शॉट्स में रहा। पारी के अंतिम ओवर में हार्दिक पंड्या ने एनरिक नॉर्त्या की गेंद पर छक्का जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया और भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। गेंदबाजी में भारत की शुरुआत भी धमाकेदार रही। अर्शदीप सिंह ने पहले ही ओवर में क्विंटन डी कॉक को बिना खाता खोले आउट कर दिया। तीसरे ओवर में उन्होंने रिव्यू के जरिए ट्रिस्टन स्टब्स का विकेट भी हासिल किया। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने अपने स्पेल में दो अहम विकेट चटकाए। उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस और केशव महाराज को आउट कर साउथ अफ्रीका की बची-खुची उम्मीदें भी खत्म कर दीं। शानदार बल्लेबाजी और कसी हुई गेंदबाजी के दम पर भारत ने यह मुकाबला एकतरफा अंदाज में जीतकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article