नई दिल्ली। डबल ओलिंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु और पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 किदांबी श्रीकांत ने इंडोनेशिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में बुधवार को अपने-अपने मुकाबले जीतकर दूसरे दौर में जगह बना ली।
विमेंस सिंगल्स में पांचवीं वरीयता प्राप्त पीवी सिंधु ने जापान की मनामी सुइजु को कड़े मुकाबले में 22-20, 21-18 से हराया। 53 मिनट तक चले इस मैच में सिंधु ने अहम मौकों पर धैर्य दिखाया और सीधे गेमों में जीत दर्ज की।
मेंस सिंगल्स में वर्ल्ड रैंकिंग में 33वें स्थान पर काबिज किदांबी श्रीकांत ने दुनिया के 22वें नंबर के खिलाड़ी कोकी वतनाबे को रोमांचक मुकाबले में 21-15, 21-23, 24-22 से शिकस्त दी। यह मैच 1 घंटे 12 मिनट तक चला। श्रीकांत का अगला मुकाबला टूर्नामेंट की चौथी सीड चाउ टिएन चेन से होगा, जिन्होंने आयरलैंड के न्हात गुयेन को सीधे गेमों में हराया।
हालांकि अन्य भारतीय खिलाड़ियों के लिए दिन निराशाजनक रहा। मेंस सिंगल्स के पहले दौर में किरण जॉर्ज को इंडोनेशिया के मोह जकी उबैदिल्लाह के खिलाफ 17-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा। विमेंस सिंगल्स में आकर्षी कश्यप भी शुरुआती दौर में डेनमार्क की जूली डावाल जैकबसेन से 21-8, 20-22, 17-21 से हारकर बाहर हो गईं।
मिक्स्ड डबल्स में भारत का अभियान पहले दौर में ही समाप्त हो गया। रोहन कपूर और रुथविका गड्डे की जोड़ी को फ्रांस की चौथी वरीयता प्राप्त थॉम गिक्वेल और डेलफिन डेलरू ने 9-21, 20-22 से हराया। वहीं ध्रुव कपिला और तनिष क्रास्टो को फ्रांस की जूलियन मायो और लिया पालेरमो की जोड़ी के खिलाफ 23-21, 20-22, 6-21 से हार झेलनी पड़ी।




