अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत के 14 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी आज इतिहास रच सकते हैं। बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले मुकाबले में अगर वैभव 4 रन बना लेते हैं, तो वह यूथ वनडे में भारत के टॉप स्कोरर की सूची में विराट कोहली को पीछे छोड़ देंगे। यह मैच शनिवार को दोपहर 1 बजे से खेला जाएगा।
भारतीय टीम के लिए यह टूर्नामेंट में दूसरी जीत हासिल करने का मौका होगा। टीम इंडिया ने अपने पहले मुकाबले में USA को 6 विकेट से हराया था, हालांकि उस मैच में वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 2 रन ही बना सके थे।
यूथ वनडे में भारत के टॉप स्कोरर की सूची में वैभव फिलहाल 8वें स्थान पर हैं। उन्होंने 19 मैचों में 975 रन बनाए हैं, जबकि विराट कोहली के नाम 28 मैचों में 978 रन दर्ज हैं। यानी वैभव को यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए सिर्फ 3 रन की जरूरत है।
भारत और बांग्लादेश के बीच अंडर-19 वर्ल्ड कप में अब तक 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 5 भारत ने जीते हैं। यानी भारतीय टीम का जीत प्रतिशत 70% से ज्यादा रहा है।
इस वर्ल्ड कप में भारत ने अब तक एक ही मैच खेला है, जिसमें अभिज्ञान कुंडू ने 42 रन बनाए थे, जबकि तेज गेंदबाज हेनिल पटेल ने 7 ओवर में 16 रन देकर 5 विकेट झटके थे। वहीं, बांग्लादेश की टीम इस वर्ल्ड कप में अपना पहला मुकाबला खेलेगी और मजबूत शुरुआत की कोशिश करेगी।
भारत की संभावित प्लेइंग-11 में आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश पंगालिया, आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन और खिलन पटेल शामिल हो सकते हैं। वहीं बांग्लादेश की संभावित टीम में अजीजुल हकीम तमीम (कप्तान), जवाद अबरार, रिफत बेग, कलाम सिद्दीकी, मोहम्मद अब्दुल्ला, शेख परवेज जिबोन, फरीद हसन फैसल, समिउन बसीर रतुल, अल फहद, साद इस्लाम रजिन और इकबाल हुसैन के नाम हैं।




