अंडर-19 वर्ल्ड कप: सुपर सिक्स में आज भारत-जिम्बाब्वे मुकाबला, वैभव के पास शुभमन गिल का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका

Must read

नई दिल्ली। अंडर-19 वर्ल्ड कप के सुपर सिक्स स्टेज में आज भारत और जिम्बाब्वे की टीमें आमने-सामने होंगी। मुकाबला दोपहर 1 बजे से क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। दोनों टीमें सुपर सिक्स के ग्रुप-2 में हैं और यह इस चरण का छठा मैच होगा। भारतीय टीम ग्रुप स्टेज में अमेरिका, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड को हराकर अजेय रही है, जबकि जिम्बाब्वे को पाकिस्तान और इंग्लैंड से हार मिली थी और स्कॉटलैंड के खिलाफ उसका मैच बारिश के कारण रद्द हुआ था।

इस मैच में 14 साल के वैभव सूर्यवंशी के पास बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका है। यूथ वनडे करियर में उनके नाम अब तक 1087 रन हैं। अगर वे आज 62 रन बना लेते हैं, तो भारतीय कप्तान शुभमन गिल के 1149 रनों का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। वैभव अब तक यूथ वनडे में 3 शतक भी लगा चुके हैं।

यूथ वनडे क्रिकेट में भारत का पलड़ा जिम्बाब्वे के खिलाफ पूरी तरह भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 6 मुकाबले खेले गए हैं और सभी में भारत ने जीत दर्ज की है। जिम्बाब्वे को अब भी भारत के खिलाफ पहली जीत का इंतजार है।

भारतीय टीम के ओपनर्स इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रहे हैं। पिछले मैच में कप्तान आयुष म्हात्रे ने 27 गेंदों पर 53 रन की तेज पारी खेली थी, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 23 गेंदों में 40 रन बनाए थे। मिडिल ऑर्डर में अभिज्ञान कुंडू ने 3 मैचों में 122 रन बनाकर टीम को मजबूती दी है। गेंदबाजी में हेनिल पटेल अब तक 9 विकेट ले चुके हैं, जिसमें 5 रन देकर 16 विकेट का प्रदर्शन भी शामिल है। न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में आरएस अंबरीश को 4 विकेट के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।

जिम्बाब्वे की ओर से बल्लेबाजी में नैथनियल हलाबंगाना सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने 2 मैचों में 59 रन बनाए हैं और एक अर्धशतक भी लगाया है। गेंदबाजी में शेल्टन माजविटोरेरा ने अब तक 2 विकेट लिए हैं, हालांकि उनकी इकॉनमी ज्यादा रही है।

बुलावायो की पिच सुबह के समय थोड़ी धीमी मानी जाती है। नई गेंद शुरुआती ओवरों में बल्लेबाजों को परेशानी में डाल सकती है, इसलिए पहले 25-30 गेंद संभलकर खेलना अहम रहता है। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच बल्लेबाजी के लिए बेहतर होती जाती है। अब तक के मैचों में टॉस जीतने वाली ज्यादातर टीमों ने पहले गेंदबाजी करना पसंद किया है।

मौसम के लिहाज से भी मुकाबले के लिए हालात अनुकूल हैं। दिनभर आसमान साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बारिश की संभावना सिर्फ 10 प्रतिशत बताई जा रही है, जबकि हवा की रफ्तार करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।

भारतीय स्क्वॉड में आयुष म्हात्रे, वैभव सूर्यवंशी, अभिज्ञान कुंडू, आरोन जॉर्ज, वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान, आरएस अंबरीश, खिलन पटेल, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन, हरवंश पांगलिया, उधव मोहन, किशन कुमार सिंह और मोहम्मद इनान शामिल हैं। जिम्बाब्वे की टीम सिम्बाराशे मुडजेंगरेरे, कुपाक्वाशे मुरादजी, नैथनियल हलाबंगाना, कियान ब्लिगनॉट, ध्रुव पटेल, लीरॉय चिवाउला, ब्रैंडन सेंजरे, माइकल ब्लिगनॉट, टाटेंडा चिमुगोरो, पनाशे माजाई, शेल्टन माजविटोरेरा, तकुद्जवा माकोनी, ब्रैंडन न्डिवेनी, वेब्स्टर माधिधी और बेनी जुजे के साथ उतरेगी।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article