नई दिल्ली। टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 चरण में सोमवार को वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रन से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ग्रुप की अंक तालिका का समीकरण बदल गया है और भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है। भारत को अपने पहले सुपर-8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
सुपर-8 चरण में हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमों को ही सेमीफाइनल में जगह मिलेगी। ऐसे में अब भारतीय टीम के लिए बाकी दोनों मुकाबले जीतना बेहद जरूरी हो गया है। अगर भारत जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज दोनों को हरा देता है तो उसके चार अंक हो जाएंगे। इस स्थिति में यदि साउथ अफ्रीका भी अपने शेष दोनों मैच जीत लेता है तो भारत और साउथ अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंच सकते हैं।
हालांकि अगर भारत अपने दोनों मैच जीतता है और साउथ अफ्रीका एक मुकाबला हार जाता है तो तीन टीमों के समान अंक होने की संभावना बनेगी। ऐसे में सेमीफाइनल का फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा। वहीं यदि साउथ अफ्रीका अपने दोनों मैच हार जाता है तो भारत और वेस्टइंडीज अंतिम चार में जगह बना सकते हैं।
दूसरी ओर भारत अगर सिर्फ एक मैच जीत पाता है तो सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना लगभग खत्म हो जाएगी, चाहे अन्य टीमों के परिणाम कैसे भी रहें।
भारतीय टीम का अगला मुकाबला 26 फरवरी को जिम्बाब्वे से होगा, जबकि 1 मार्च को उसे मजबूत फॉर्म में चल रही वेस्टइंडीज टीम का सामना करना है। वेस्टइंडीज अब तक टूर्नामेंट में खेले अपने सभी पांच मुकाबले जीत चुकी है, जिससे अंतिम मैच भारत के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।
साउथ अफ्रीका ने भारत को हराकर सुपर-8 में मजबूत शुरुआत की है और अब उसे वेस्टइंडीज व जिम्बाब्वे से मुकाबले खेलने हैं। यदि अफ्रीकी टीम दोनों मैच जीतती है तो उसका सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है।
सुपर-8 चरण में कुल 12 मुकाबले खेले जाने हैं, जिनमें से चार मैच पूरे हो चुके हैं। दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। पहला सेमीफाइनल 4 मार्च और दूसरा 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि फाइनल मुकाबला 8 मार्च को आयोजित होगा।




