नई दिल्ली। विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट गुरुवार देर रात अचानक नजर आना बंद हो गया। अकाउंट सर्च करने पर न तो उनकी प्रोफाइल दिख रही है और न ही डायरेक्ट लिंक से पेज खुल पा रहा है। अकाउंट खोलने की कोशिश करने पर “यह पेज उपलब्ध नहीं है” का मैसेज दिखाई दे रहा है।
विराट कोहली इंस्टाग्राम पर करीब 27 करोड़ 40 लाख फॉलोअर्स के साथ दुनिया के सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले क्रिकेटरों में शामिल हैं। फिलहाल इस पूरे मामले पर न विराट कोहली, न उनकी मैनेजमेंट टीम और न ही इंस्टाग्राम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। ऐसे में यह साफ नहीं हो पाया है कि अकाउंट जानबूझकर अस्थायी रूप से बंद किया गया है या फिर यह किसी तकनीकी गड़बड़ी का नतीजा है।
हाल के समय में कोहली की सोशल मीडिया गतिविधियां सीमित रही हैं। उन्होंने पहले कई प्रमोशनल पोस्ट हटाए थे और क्रिकेट व परिवार को प्राथमिकता देने के संकेत दिए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विराट कोहली एक प्रमोशनल इंस्टाग्राम पोस्ट के लिए करीब 12 से 14 करोड़ रुपए तक चार्ज करते हैं।
अकाउंट दिखाई न देने के बाद फैंस सोशल मीडिया पर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं और इसकी वजह जानने की कोशिश कर रहे हैं। विराट कोहली इंस्टाग्राम पर दुनिया के तीसरे सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले स्पोर्ट्सपर्सन हैं। उनसे आगे केवल क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी हैं।
क्रिकेट की बात करें तो विराट कोहली ने 18 जनवरी को इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे मैच में शानदार शतक लगाया था। उन्होंने 108 गेंदों में 124 रन बनाए थे, हालांकि भारतीय टीम वह मुकाबला जीत नहीं सकी। अब कोहली करीब छह महीने बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में नजर आएंगे, जब भारत इंग्लैंड दौरे पर वनडे सीरीज खेलेगा।
विराट कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल रन के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। उनके नाम सभी फॉर्मेट मिलाकर 559 मैचों में 28 हजार से ज्यादा रन दर्ज हैं। उनके खाते में 85 अंतरराष्ट्रीय शतक हैं और वे सीमित ओवरों के क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिने जाते हैं।
फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट पूरी तरह डिलीट किया गया है या अस्थायी रूप से डिसेबल हुआ है। डिलीट होने की स्थिति में अकाउंट का सारा डेटा हमेशा के लिए हट जाता है, जबकि डिसेबल होने पर अकाउंट बाद में दोबारा एक्टिव किया जा सकता है। फैंस अब आधिकारिक बयान का इंतजार कर रहे हैं।




