भारत बनाम न्यूजीलैंड पांचवां टी-20 आज, सूर्या के पास 3000 रन पूरे करने का मौका

Must read

तिरुवनंतपुरम। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का आखिरी मुकाबला आज ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे किया जाएगा। टी-20 वर्ल्ड कप से पहले यह दोनों टीमों का आखिरी टी-20 मैच होगा। टीम इंडिया सीरीज में 3-1 से आगे है, लेकिन विशाखापत्तनम में मिली हार के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव अंतिम मुकाबले में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतना चाहेंगे।

यह मैच विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन के लिए भी खास माना जा रहा है। घरेलू मैदान पर खेलते हुए उन पर रन बनाने के साथ-साथ टी-20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करने का दबाव रहेगा। फैंस की नजरें भी संजू के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी।

सूर्यकुमार यादव के लिए यह मुकाबला रिकॉर्ड के लिहाज से अहम हो सकता है। अगर वह 33 रन बना लेते हैं तो टी-20 इंटरनेशनल में 3000 रन पूरे कर लेंगे और ऐसा करने वाले भारत के तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। अभी तक यह उपलब्धि सिर्फ रोहित शर्मा और विराट कोहली के नाम है। वहीं 48 रन बनाते ही सूर्या न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन जाएंगे। फिलहाल यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम दर्ज है।

दोनों टीमों के बीच अब तक 28 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 15 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को 11 में जीत मिली है। भारत की धरती पर खेले गए 15 टी-20 मैचों में से 10 में टीम इंडिया विजयी रही है। न्यूजीलैंड आज तक भारत में कोई टी-20 सीरीज नहीं जीत सका है और इस बार भी उसका यह सिलसिला बरकरार रहने की आशंका है।

सीरीज में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन सूर्यकुमार यादव ने बनाए हैं। उन्होंने चार मैचों में 179 रन जुटाए हैं। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह भारतीय टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। न्यूजीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स सबसे ज्यादा रन बना चुके हैं, जबकि तेज गेंदबाज जैकब डफी पांच विकेट लेकर टीम के टॉप बॉलर हैं।

मौसम की बात करें तो तिरुवनंतपुरम में बारिश की संभावना बेहद कम है। मौसम साफ रहने की उम्मीद है और फैंस को पूरे 40 ओवर का खेल देखने को मिल सकता है। तापमान 22 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और हल्की हवा चलेगी।

ग्रीनफील्ड स्टेडियम की पिच आमतौर पर गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम से मदद मिलती है, जबकि बाद में स्पिनर्स असरदार हो जाते हैं। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 155 के आसपास है। भारत का यहां रिकॉर्ड मजबूत रहा है और चार में से तीन टी-20 मैच टीम इंडिया जीत चुकी है।

भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और रवि बिश्नोई शामिल हो सकते हैं। न्यूजीलैंड की टीम डेवोन कॉन्वे, टिम साइफर्ट, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, मार्क चापमन, मिचेल सैंटनर, जैक फाउलकस, जैकब डफी, ईश सोढ़ी और मैट हैनरी के साथ उतर सकती है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article